कोटा

Rajasthan: शिवलिंग को खंडित कर मंदिर से बाहर फेंका, गुस्साई भीड़ ने किया थाने का घेराव, इलाके में तनाव, एक गिरफ्तार

Rajasthan Temple Incident: रावतभाटा में शिव मंदिर में शिवलिंग खंडित करने की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। आक्रोशित लोगों ने बाजार बंद कर प्रदर्शन किया, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

2 min read
Mar 18, 2026
प्रदर्शन करते लोग। फोटो- पत्रिका

रावतभाटा। नगर के डेम रोड स्थित मत्स्य विभाग के शिव मंदिर में शिवलिंग को खंडित कर बाहर फेंकने की घटना के बाद बुधवार शाम को क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात बन गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना के विरोध में आक्रोशित हिन्दू संगठनों ने बाजार बंद कराए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: राजस्थान में धमाके के साथ फटी नर्मदा परियोजना मुख्य पाइप लाइन, सड़क तक उखड़ी, अफरा-तफरी मची

अन्य थानों से जाब्ता बुलाया

देर शाम लोगों ने थाने का घेराव भी किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से समझाइश की और शांति व्यवस्था कायम करवाई। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए उपखण्ड के अन्य थानों से भी जाब्ता बुलाया गया।

मौके पर पकड़ा गया आरोपी

प्रत्यक्षदर्शी भाजपा नेता हर्ष जैन ने बताया कि दोपहर करीब सवा तीन बजे वे मंदिर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि अचानक एक युवक मंदिर में आया और पत्थर मारकर शिवलिंग को खंडित कर दिया तथा उसे बाहर फेंक दिया। इस दौरान जैन सहित चार-पांच अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को थाने ले गई। मंदिर में शिवलिंग के अलावा अन्य शिव परिवार की मूर्तियां सुरक्षित बताई जा रही हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही हिन्दू परिषद, बजरंग दल, मारुति मानस मंडल और शिव मंडल के कार्यकर्ता मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए और नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए और बाजार बंद होने लगे, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का, पिड़ावा में कई मामले दर्ज

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवत सिंह हिंगड़ ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और आरोपी जावेद उर्फ जग्गू पुत्र जाकिर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी झालावाड़ जिले के पिड़ावा का निवासी है और आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पिड़ावा थाने में उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

एसडीएम डॉ. कृति व्यास, पुलिस उपाधीक्षक शंकरलाल मीणा और तहसीलदार विवेक गरासिया भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं भाजपा नेता एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष राजकुमार वधवा तथा भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेन्द्र सिंह हाडा सहित अन्य नेताओं ने घटना की निंदा की है।

ये भी पढ़ें

Sarso Chana MSP Update: किसानों के लिए राहत, 1 अप्रेल से समर्थन मूल्य पर खरीदेंगे सरसों-चना, जानिए कीमत

Also Read
View All

अगली खबर