Underground Power Lines: कोटा शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
Lok Sabha Speaker Om Birla Inspection: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, सड़कों, अतिक्रमण और आमजन से जुड़ी सुविधाओं की मौके पर समीक्षा की तथा अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से काम कर समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बिरला ने कहा कि शहर का विकास व्यवस्थित और दूरदृष्टि के साथ होना चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर आवागमन और सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुधारने, नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने और शहर की सुंदरता बढ़ाने पर जोर दिया।
लोकसभा अध्यक्ष ने केडीए को सभी राजकीय विभागों पर एक जैसे ग्लो साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि शहर में एकरूपता दिखाई दे। उन्होंने प्रमुख चौराहों पर स्लिप लेन चौड़ी करने, अतिक्रमण हटाने और सड़क पर पार्किंग की स्पष्ट मार्किंग करवाने को कहा। साथ ही पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि निर्धारित स्थानों के बाहर सड़क पर वाहन खड़े न हों, इसकी प्रभावी निगरानी की जाए।
उन्होंने केशवपुरा से घटोत्कच सर्कल तक बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने तथा टेलीफोन और केबल के पोल हटाने के निर्देश दिए। महावीर नगर चौराहे का विकास और घटोत्कच से एमबीएस कॉलेज होते हुए एमबीएस मार्ग तक स्मार्ट रोड विकसित करने और एमबीएस मार्ग को व्यवस्थित रूप से विकसित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए।
विज्ञान नगर फ्लाइओवर (कॉमर्स कॉलेज जंक्शन) को यू-टर्न सुविधा के साथ विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा शहर के सभी नालों से अतिक्रमण हटाने और उन पर व्यू कटर लगाने के निर्देश दिए गए। कोटिया भील, अनंतपुरा और रामधाम जंक्शन/सर्किल को विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ शहर की वर्तमान जरूरतों और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बिरला ने कहा कि शहर का विकास ऐसा हो, जिससे आमजन को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर वातावरण मिल सके। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता, संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, जिला कलक्टर पीयूष सामारिया, पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम सहित केडीए, नगर निगम व प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
बिरला ने दादाबाड़ी सर्किल और आइलैंड को ऐतिहासिक थीम पर विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी फ्लाइओवर पर आकर्षक पेंटिंग और डिजाइनिंग करवाने तथा वहां सुंदर गमले लगाने को कहा, ताकि शहर का स्वरूप और बेहतर हो सके।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कैम्प कार्यालय से ट्रैवलर (बस) से अधिकारियों के साथ शहर का दौरा किया। बस में अधिकारी भी सवार थे। बिरला ने शहर के भ्रमण के दौरान पेट्रोल-डीजल संरक्षण का संदेश दिया।