कोटा

नीर की पीर: जलापूर्ति संकट से गुस्साई जनता ने खुद ही निकाला समाधान

कोटा. छावनी-रामचन्द्रपुरा के बाशिन्दे पिछले कई दिनों से पेयजल को लेकर परेशान हो रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 14 Oct 2017, 10:00 PM IST
Water Supply Problem at Chawani in Kota

कोटा.

छावनी-रामचन्द्रपुरा के बाशिन्दे पिछले कई दिनों से पेयजल को लेकर परेशान हो रहे हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद जलदाय विभाग और जनप्रतिनिधियों ने अनसुना कर दिया तो क्षेत्रवासी शनिवार को खुद ही समाधान तलाशने निकल पड़े। लोगों ने थोक-फल सब्जीमंडी स्थित पानी की टंकी के वॉल्व पर लगा ताला खोल दिया। वॉल्व खोलने के कुछ देर बाद ही क्षेत्र में जलापूर्ति शुरू हो गए।

Read More: कोटा में बिखरेगी चीन की होंगुशई नदी सी खूबसूरती, Hanging Bridge के बाद कोटा को मिलेगी Floating Bridge की सौगात

मांग ज्यादा, आपूर्ति कम
त्योहारी सीजन के चलते इन दिनों घरों में पानी की मांग ज्यादा है। रंगाई-पुताई व साफ-सफाई के कारण सामान्य से ज्यादा पानी की खपत है। जब ज्यादा पानी चाहिए और पेयजल भी नहीं मिल रहा तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय बाशिन्दों ने बताया कि इन दिनों कम दबाव से पानी आ रहा है। पिछले एक सप्ताह से तो हालत और विकट हैं। दो दिन से आपूर्ति ही नहीं हुई।

जलदाय विभाग को लगातार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते रहे। शनिवार को पार्षद जगदीश मोहली क्षेत्रवासियों के साथ सब्जीमंडी के पास स्थित जलदाय विभाग की टंकी पर पहुंचे। यहां देखा तो वॉल्व बंद था और मीटर जीरो प्रेशर दिख रहा था। वॉल्व पर जलदाय विभाग का ताला जड़ा था। इसके बाद पार्षद ने खुद ताला खोल दिया।

सुबह ठीक, शाम को वही परेशानी

सुबह पार्षद व अन्य लोग वॉल्व खोल आए तो कुछ देर तो पानी मिला, लेकिन दोपहर बाद फिर नल बंद हो गए। इस पर महिलाएं वापस पार्षद मोहिल के घर पहुंची। इसके बाद विभाग के कनिष्ठ अभियंता पानी की टंकी पर पहुंचे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों ने चेतावनी दी कि सोमवार तक समस्या का हल नहीं हुआ तो प्रदर्शन करेंगे।


जड़ देंगे कार्यालय पर ताला
पूर्व पार्षद नरेश हाड़ा ने कहा कि क्षेत्र की जलापूर्ति शॉपिंग सेंटर व विज्ञान नगर दो भागों में फंसा हुआ है। छावनी में जलापूर्ति के लिए वॉल्व कम खोला जाता है। शिकायत करने पर एक-दो दिन तो पर्याप्त पानी मिलता है, लेकिन फिर वहीं परेशनी हो जाती है। हाड़ा ने बताया कि स्थाई समाधान नहीं किया गया तो जलदाय विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। विभाग के कार्यालय में ताला जड़ देंगे।

Published on: