
कोटा .
भामाशाहमंडी रेलवे ओवरब्रिज के पास शनिवार को अज्ञात ट्रोले की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। युवक पेशे से ऑटो चालक था। हादसे में उसकी मौत से उसकी दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया।
अनंतपुरा थाने के एएसआई मोहम्मद मोबिन ने बताया कि दोपहर 3 बजे छावनी एक मिनार मस्जिद के पास रहने वाला मोहम्म्द इलियास (28) पुत्र लियाकत हुसैन बाइक से रायपुरा से प्रेमनगर होकर अनंतपुरा की ओर जा रहा था। रेलवे ओवरब्रिज से अनंतपुरा की तरफ उतरते समय पीछे से आए एक अज्ञात ट्रोले ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे इलियास उछलकर दूर जा गिरा।
सूचना पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और इलियास को लेकर नए अस्पताल पहुंची। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही, मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू की है।
Read More: झालावाड़ में विवाहिता ने किया आत्मदाह, बारां में मोबाइल फटने से बालक घायल, कोटा में लगी फैक्ट्री में भीषण आग
आई कार्ड से पता चला
इलियास के पास रंगरेज समाज की ओर से बनाया गया आई कार्ड था। ऐसे में घटना के बाद मौके पर लोगों ने उसे वाट्सएप ग्रुप में डाल दिया। कुछ ही मिनटों में उसके जानकारों को हादसे की सूचना मिल गई और कुछ लोग तत्काल नए अस्पताल पहुंच गए।
परिजन हो गए बेसुध
इलियास इकलौता पुत्र था। उसके तीन माह व ढाई साल की दो बेटियां हैं। जवान बेटे का शव घर आया तो माता-पिता अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसकी पत्नी बेसुध हो गई। मोहल्ले में शोक छा गया।
Published on:
14 Oct 2017, 8:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.