लाइफस्टाइल

Independence Day 2026 के जश्न में मिठास घोलने के लिए बनाएं ट्राई कलर बूंदी और नारियल के लड्डू

15 August Special Ladoo Recipe: 15 अगस्त पर बांटने के लिए अगर आप बाजार से लड्डू नहीं खरीदना चाहते हैं, तो यहां बताए गए तरीके से घर पर स्वादिष्ट बूंदी और नारियल के लड्डू बना सकते हैं।
3 min read
Aug 14, 2026
Boondi Ladoo Recipe, Tricolor Coconut Ladoo
15 August के लिए Ladoo Recipe/ image credit youtube/ @khatijakirasoi8816

Independence Day Special Sweets: स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने और तरह-तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही लड्डू भी बांटे जाते हैं। ऐसे में अगर आप 15 अगस्त के खास अवसर पर घर पर कुछ मीठा और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो नारियल या बूंदी के लड्डू बना सकते हैं। आइए जानते हैं इन्हें बनाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

स्टेप बाय स्टेप नारियल के लड्डू बनाने का तरीका

सामग्री

  • 2 कप सूखा नारियल
  • 1 कप कंडेंस्ड मिल्क
  • 1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
  • 2 बड़े चम्मच कटे हुए ड्राई फ्रूट्स
  • सजाने के लिए नारियल का बुरादा

स्टेप 1: नारियल भूनें

सबसे पहले कड़ाही गर्म करें और उसमें सूखा नारियल डालें। इसे धीमी आंच पर हल्का भूनें। ध्यान रखें कि नारियल का रंग ज्यादा न बदले।

स्टेप 2: कंडेंस्ड मिल्क मिलाएं

अब भुने हुए नारियल में कंडेंस्ड मिल्क डालकर अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं।

स्टेप 3: इलायची और ड्राई फ्रूट्स डालें

जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तो इसमें इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिला लें।

स्टेप 4: लड्डू तैयार करें

गैस बंद करके मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। हाथों पर हल्का घी लगाएं और मिश्रण से छोटे-छोटे गोल लड्डू बना लें।

स्टेप 5: सजाकर सर्व करें

अगर आप 15 अगस्त की थीम के अनुसार लड्डू बनाना चाहते हैं, तो मिश्रण को तीन बराबर हिस्सों में बांट लें। एक हिस्से में केसरिया और दूसरे हिस्से में हरा फूड कलर मिलाएं, जबकि तीसरे हिस्से को सफेद ही रहने दें। अब इन तीनों रंगों के मिश्रण से लड्डू तैयार करें। तैयार लड्डुओं को नारियल के बुरादे से सजाकर सर्व करें।

स्टेप बाय स्टेप बूंदी लड्डू बनाने का तरीका

बूंदी के लिए

  • 2 कप बेसन, छना हुआ
  • 1/2 छोटा चम्मच केसरिया, हरा और सफेद फूड कलर
  • बूंदी तलने के लिए घी

चाशनी के लिए

  • 500 ग्राम चीनी
  • 500 मिली पानी
  • 2-3 हरी इलायची, कुटी हुई
  • 2 काली मिर्च
  • 1 चुटकी केसर
  • 1/2 छोटा चम्मच नींबू का रस

लड्डू बनाने के लिए

  • 1/2 कप कैस्टर शुगर
  • सजाने के लिए चांदी का वर्क

स्टेप 1: बेसन का घोल तैयार करें

सबसे पहले एक बर्तन में छना हुआ बेसन लें। इसमें अलग अलग बर्तन में तीनों फूड कलर डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और गांठ रहित घोल तैयार करें। घोल की कंसिस्टेंसी ऐसी होनी चाहिए कि झारी से डालने पर बेसन आसानी से बूंदी के रूप में घी में गिरे।

स्टेप 2: बूंदी तैयार करें

कड़ाही में घी गर्म करें। अब बूंदी बनाने वाली छेददार झारी को कड़ाही के ऊपर रखें और उस पर थोड़ा बेसन का घोल डालें। घोल की छोटी-छोटी बूंदें गर्म घी में गिरेंगी और बूंदी तैयार होगी। बूंदी को सुनहरा होने तक डीप फ्राई करें। इसके बाद इसे निकालकर तैयार चाशनी में डाल दें, ताकि बूंदी चाशनी को अच्छी तरह सोख सके।

स्टेप 3: चाशनी बनाएं

चाशनी तैयार करने के लिए एक भारी तले वाले पैन में बराबर मात्रा में चीनी और पानी डालें। चीनी पूरी तरह घुलने के बाद इसमें कुटी हुई हरी इलायची, काली मिर्च और केसर डालें। चाशनी को तब तक पकाएं, जब तक यह गाढ़ी होकर एक तार की कंसिस्टेंसी तक न पहुंच जाए।

स्टेप 4: चाशनी को साफ करें

अब चाशनी में नींबू का रस डालें। इससे चाशनी में मौजूद अशुद्धियां ऊपर आ जाती हैं। अगर चाशनी के ऊपर झाग या मैल दिखाई दे, तो उसे छेददार चम्मच की मदद से निकाल दें। इसके बाद गैस बंद कर दें और चाशनी को कमरे के तापमान तक ठंडा होने दें।

स्टेप 5: बूंदी को चाशनी से निकालें

चाशनी में अच्छी तरह भीगी हुई बूंदी को निकालकर एक बड़ी थाली में रखें। अब हथेलियों की मदद से बूंदी को हल्का सा मैश करें, ताकि लड्डू बांधते समय मिश्रण आसानी से एकसार हो जाए।

स्टेप 6: कैस्टर शुगर मिलाएं

अब बूंदी में कैस्टर शुगर डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण को अच्छी तरह मिलाने के बाद इसे लड्डू बनाने के लिए तैयार करें।

स्टेप 7: लड्डू बांधें

अब हाथों में थोड़ा सा मिश्रण लें और हथेलियों के बीच दबाते हुए गोल आकार दें। इसी तरह पूरे मिश्रण से लड्डू तैयार कर लें।

स्टेप 8: चांदी के वर्क से सजाएं

तैयार बूंदी के लड्डुओं पर चांदी का वर्क लगाएं। इसके बाद इन्हें सर्व करें।

Updated on:
14 Aug 2026 05:28 pm
Published on:
14 Aug 2026 05:28 pm