
Car Cleaning Mistakes: कार की सफाई करते समय ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि कपड़े से जितना पोछेंगे और पानी से धोएंगे, गाड़ी उतनी ही अच्छी तरह साफ हो जाएगी। लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। गलत साबुन, गंदा कपड़ा या तेज प्रेशर से पानी इस्तेमाल करने जैसी छोटी गलतियां कार की बॉडी और अंदर के हिस्सों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसलिए सफाई करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए, ताकि कार साफ भी रहे और उसे किसी तरह का नुकसान भी न हो। आइए जानते हैं, कार धोने से जुड़ी ऐसी छोटी-छोटी गलतियों के बारे में, जो बड़ा नुकसान कर सकती हैं।
कार पर अगर धूल और मिट्टी जमा है तो उसे सीधे सूखे कपड़े से रगड़कर साफ नहीं करना चाहिए। धूल के छोटे कण कपड़े के साथ रगड़ खाने से कार की बॉडी पर हल्के निशान डाल सकते हैं। पहले पानी से धूल और मिट्टी गिला कर के हटाएं, इसके बाद साफ कपड़े से पोंछें।
कई लोग कार धोने के लिए घर में इस्तेमाल होने वाला साबुन या डिटर्जेंट लगा देते हैं। ऐसा करना सही नहीं है। कार की बाहरी सतह के लिए बनाए गए कार वॉश शैम्पू का इस्तेमाल करना बेहतर होता है। किसी भी क्लीनिंग प्रोडक्ट को इस्तेमाल करने से पहले उसके इस्तेमाल का तरीका जरूर पढ़ लें।
कार के पहिए, टायर और नीचे के हिस्से पर काफी गंदगी जमा रहती है। अगर इन्हीं हिस्सों को साफ करने वाला कपड़ा बाद में कार की बॉडी पर इस्तेमाल किया जाए तो उसमें फंसी मिट्टी पेंट पर खरोंच डाल सकती है। इसलिए कार की बॉडी, शीशे, पहिए और इंटीरियर के लिए अलग अलग साफ कपड़े रखना बेहतर है।
तेज धूप में कार धोने से पानी और क्लीनिंग प्रोडक्ट जल्दी सूख सकते हैं। इससे कार की बॉडी पर पानी के निशान या सफेद धब्बे दिखाई दे सकते हैं। इसलिए कोशिश करें कि कार को छांव वाली जगह पर साफ करें। अगर धूप में ही सफाई करनी पड़े तो कार को एक साथ पूरा धोने के बजाय हिस्सों में साफ करें और पानी को सूखने से पहले पोंछ दें।
कार साफ करने वाला स्पंज या कपड़ा अगर बहुत गंदा हो गया है तो उसे बिना धोए दोबारा इस्तेमाल न करें। इसमें फंसी मिट्टी कार की सतह पर रगड़ खा सकती है। सफाई के दौरान कपड़े या स्पंज को समय समय पर पानी से साफ करते रहें।
प्रेशर वॉशर से कार धोते समय पानी का दबाव काफी तेज होता है। नोजल को कार की सतह के बहुत पास रखकर पानी डालने से बचना चाहिए। कार के ऐसे हिस्सों पर भी ज्यादा दबाव न डालें जहां सील, सेंसर, वायरिंग या दूसरे संवेदनशील पार्ट्स मौजूद हों।
इंटीरियर साफ करते समय सीट, डैशबोर्ड या दरवाजे के अंदर ज्यादा पानी डालना ठीक नहीं है। पानी इलेक्ट्रॉनिक हिस्सों तक पहुंच सकता है और बाद में नमी या बदबू की समस्या भी हो सकती है। इंटीरियर की सफाई के लिए हल्के गीले माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल किया जा सकता है।
डैशबोर्ड को चमकाने के लिए घर में मौजूद कोई भी तेल या क्लीनर इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इससे सतह पर ज्यादा चिकनापन आ सकता है और धूल जल्दी चिपक सकती है। डैशबोर्ड के लिए बनाए गए क्लीनिंग प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें और उसे लगाने से पहले निर्देश जरूर पढ़ें।
कार धोने के बाद दरवाजों के किनारों, शीशों के आसपास और दूसरी जगहों पर पानी जमा रह सकता है। इसे साफ कपड़े से पोंछ दें। कार के अंदर भी नमी न रहने दें, क्योंकि ज्यादा नमी से बदबू की समस्या हो सकती है।