Diwali 2025: पटाखों से जलने पर टूथपेस्ट लगाना नुकसानदायक हो सकता है। जानें डॉक्टर शिशिर गुप्ता के अनुसार सही फर्स्ट-एड और घरेलू सावधानियां।
Diwali 2025: दिवाली रोशनी, खुशियों और उत्साह का त्योहार है। इस दिन हर घर दीपकों, लाइट्स और सजावट से जगमगा उठता है। लोग नए कपड़े पहनते हैं, स्वादिष्ट मिठाइयां बनाते हैं और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं। लेकिन इसी खुशी के माहौल में पटाखों के कारण अक्सर हादसे भी हो जाते हैं। बच्चे और बड़े सभी पटाखे जलाने का शौक रखते हैं, और कई बार इसी दौरान त्वचा जल जाती है। ऐसे में ज्यादातर लोग तुरंत जले हुए हिस्से पर टूथपेस्ट लगा लेते हैं, लेकिन यह तरीका बिल्कुल गलत है।
जलने पर टूथपेस्ट लगाने से घाव ठीक होने के बजाय और बढ़ सकता है। टूथपेस्ट में मौजूद केमिकल्स से इंफेक्शन का खतरा बढ़ता है और जले हुए हिस्से पर स्थायी निशान भी पड़ सकते हैं। यह स्किन की नैचुरल हीलिंग प्रक्रिया को रोक देता है। इसलिए जलने पर टूथपेस्ट, तेल या कोई घरेलू चीज़ लगाना नुकसानदायक हो सकता है।
पटाखों से जलने पर त्वचा पर छाले, सूजन या इरिटेशन हो सकता है। अगर समय पर इलाज न किया जाए, तो यह चोट गंभीर रूप ले सकती है। डॉक्टरों के अनुसार, इस स्थिति में कुछ जरूरी कदम तुरंत उठाने चाहिए:
जले हुए हिस्से को तुरंत बहते ठंडे पानी (Running Water) के नीचे रखें। इससे स्किन की जलन कम होगी और आगे की जलन रुक जाएगी।
टूथपेस्ट, तेल या मक्खन जैसी चीजें लगाने से हीट स्किन में फंस जाती है, जिससे सूजन और इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
जलने वाले स्थान पर डॉक्टर द्वारा बताई गई एंटीसेप्टिक या एंटीबैक्टीरियल क्रीम लगाएं। इससे संक्रमण का खतरा कम होगा और घाव जल्दी भरेगा।
जलने के बाद जगह को साफ, सूती और नॉन-स्टिकी कपड़े से ढकें। बहुत टाइट पट्टी न बांधें, वरना फोड़े फूट सकते हैं।
अगर पटाखों का धुआं आंखों में चला जाए या जलन हो, तो तुरंत साफ पानी से धोएं। घी या शहद जैसी चीजें आंखों में कभी न डालें। जरूरत हो तो डॉक्टर की सलाह से आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करें।
पटाखे जलाते समय हमेशा सूती कपड़े पहनें और आंखों की सुरक्षा के लिए प्रोटेक्टिव ग्लासेस का उपयोग करें।