
Disco Jellyfish DIY: दिवाली पर घर को सजाने के लिए अगर आप कुछ नया और अलग करना चाहते हैं, तो डिस्को जेलीफिश बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए आपको बाजार से महंगा सामान खरीदने की जरूरत नहीं है। डिस्पोजेबल कटोरी, छोटे शीशे और धागे की मदद से आप इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं। जब इस पर रोशनी पड़ती है, तो शीशों से चमक और रोशनी का प्रतिबिंब दिखाई देता है। जिससे यह देखने में भी काफी सुंदर लगता है। आइए जानते हैं कि डिस्को जेलीफिश बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और इसे घर पर कैसे तैयार कर सकते हैं।
डिस्को जेलीफिश बनाने के लिए सबसे पहले एक साफ डिस्पोजेबल कटोरी लें। इसके बाद कटोरी को सफेद, सिल्वर या अपनी पसंद के रंग से पेंट करें। पेंट करने के बाद उसे अच्छी तरह सूखने दें।
अब कटोरी के बाहरी हिस्से पर छोटे-छोटे गोल शीशे चिपकाएं। इसके लिए क्राफ्ट ग्लू का इस्तेमाल करें। शीशों को कटोरी पर पास-पास लगाएं, ताकि उसकी पूरी सतह चमकदार दिखाई दे। आप चाहें तो छोटे और बड़े शीशों को मिलाकर भी लगा सकते हैं। इससे कटोरी का लुक और सुंदर लगेगा। शीशे चिपकाने के बाद ग्लू को सूखने दें।
अब मजबूत धागा या डोरी लें और उसे अपनी पसंद की लंबाई में काट लें। इस धागे पर छोटे-छोटे शीशे लगाएं। आप शीशों को सुरक्षित तरीके से चिपका सकते हैं या क्राफ्ट के लिए बने छेद वाले शीशों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी तरह कई लड़ियां तैयार कर लें। ये लड़ियां जेलीफिश के नीचे लटकने वाली भुजाओं जैसी दिखाई देंगी।
जब सभी लड़ियां तैयार हो जाएं, तो उन्हें कटोरी के निचले किनारे पर एक-एक करके चिपका दें। लड़ियों को कटोरी के चारों तरफ लगाएं, ताकि वे हर तरफ से लटकती हुई दिखाई दें। ध्यान रखें कि सभी लड़ियां अच्छी तरह चिपकी हों। इसके बाद ग्लू को पूरी तरह सूखने दें।
आखिर में कटोरी के ऊपरी हिस्से पर एक मजबूत डोरी लगा दें। इसे लगाने के लिए क्राफ्ट ग्लू का इस्तेमाल कर सकते हैं या कटोरी में सावधानी से छोटा छेद कर सकते हैं। डोरी अच्छी तरह जुड़ने के बाद जांच लें कि वह इसका वजन संभाल पा रही है या नहीं।