Drink Water As Per Age: पानी पीना सेहत के लिए अच्छा है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्यादा पानी पीना भी बीमारी का कारण बन सकता है? अपनी उम्र के हिसाब से जानिए आपको दिनभर में कितने गिलास पानी की जरूरत है।
Drink Water As Per Age: हम में से ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि जितना ज्यादा पानी पिएंगे, उतने फिट दिखेंगे और ग्लो करेंगे। लेकिन क्या आपको पता है कि जरूरत से ज्यादा पानी पीने से भी आपको नुकसान हो सकता है? जी हां पानी पीना अच्छी बात है, पर पर बिना सोचे-समझे ज्यादा पानी पीना आपको अस्पताल पहुंचा सकता है। हर उम्र के इंसान की जरूरत अलग होती है। आइए जानते हैं कि आपकी उम्र के हिसाब से आपको कितने गिलास पानी की जरूरत है, ताकि आप हाइड्रेटेड भी रहें और सुरक्षित भी।
जर्नल ऑफ प्रिवेंटिव मेडिसिन एंड होलिस्टिक हेल्थ के मुताबिक पानी का हिसाब आपकी उम्र और आपके काम से जुड़ा होता है। नीचे दिए गए चार्ट को ध्यान से देखें और आज से ही इसे अपनाएं यह रूटीन
4 से 12 साल के बच्चे- छोटे बच्चों का शरीर बढ़ रहा होता है और वे खेल-कूद में बहुत एक्टिव रहते हैं। उनके बढ़ते शरीर और दिमाग की शार्पनेस के लिए दिनभर में 5 से 7 गिलास पानी काफी है। अगर बच्चा स्पोर्ट्स में ज्यादा एक्टिव है, तो उसे थोड़ा ज्यादा पानी दिया जा सकता है। इससे उनकी पढ़ाई में कंसंट्रेशन भी बढ़ता है।
13 से 18 साल के लिए- इस उम्र में शरीर में बहुत सारे हार्मोनल बदलाव होते हैं और पसीना भी ज्यादा आता है। इसलिए इस उम्र के लोगों को दिन में कम से कम 7 से 9 गिलास पानी पीना चाहिए। इससे न केवल उनकी एनर्जी बनी रहती है, बल्कि उनकी स्किन भी ग्लो करती है और पिंपल्स जैसी समस्याओं से बचाव भी होता है।
19 से 60 साल के लोगों के लिए- ऑफिस की भागदौड़ और घर की जिम्मेदारियों के बीच अक्सर हम पानी पीना भूल जाते हैं। अपने आप को स्वस्थ रखने के लिए दिन में 8 से 10 गिलास पानी पीए। अगर आप जिम जाते हैं या धूप में ज्यादा रहते हैं, तो थोड़ा ज्यादा पानी पिया जा सकता है। यह आपकी किडनी को साफ रखने और मेटाबॉलिज्म को तेज करने में मदद करता है।
60 साल से ऊपर वालों के लिए- बुजुर्गों को प्यास नहीं लगती, इसलिए वे पानी कम पीते हैं, जिससे चक्कर आना या कब्ज जैसी दिक्कतें हो जाती हैं। उन्हें दिनभर में 7 से 8 गिलास पानी थोड़ा-थोड़ा करके पीना चाहिए। इससे यह सब बीमारियां नहीं होगी।
अति हर चीज की बुरी होती है। अगर आप दिनभर में 5-6 लीटर से ज्यादा पानी पी जाते हैं, तो खून में सोडियम का लेवल गिर सकता है। इसे हाइपोनेट्रेमिया (Hyponatremia) कहते हैं। इससे दिमाग में सूजन, सिरदर्द, उल्टी और भ्रम जैसी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। डॉक्टर सलाह देते हैं कि शरीर को जब प्यास लगे तभी पानी पिएं।
डिसक्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह किसी क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प नहीं है। इसलिए पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।