
Rust Stain Removal From Clothes: कपड़ों पर जंग के दाग लग जाएं तो उन्हें हटाना काफी मुश्किल हो जाता है, खासकर सफेद कपड़ों पर। कई बार इन्हें हाथ या मशीन से धोने के बाद भी दाग साफ नहीं होते। वहीं, दाग को ज्यादा रगड़कर साफ करने की कोशिश करने पर कपड़ों का रंग भी फीका पड़ जाता है या कपड़े घिस जाते है। ऐसे में आप कुछ आसान घरेलू चीजों की मदद से जंग के जिद्दी निशानों को काफी हद तक आसानी से साफ कर सकते हैं। आइए जानते हैं जंग के दाग हटाने के कुछ घरेलू टिप्स।
अगर आपके किसी पसंदीदा कपड़े पर जंग के दाग लग गए हैं, तो दाग वाली जगह को अच्छी तरह फैला लें। अब उस जगह पर नमक डालें और ऊपर से नींबू का रस डाल दें। इसके बाद ब्रश की मदद से उस जगह को अच्छी तरह रगड़ें। फिर कपड़े को धूप में सुखा दें। इससे जंग के दाग साफ हो जाएंगे।
आधी बाल्टी पानी में विनेगर और एक नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इस मिश्रण को जंग के दाग वाली जगह पर लगाएं। इसके बाद सर्फ लगाकर ब्रश की मदद से दाग को अच्छी तरह साफ करें। जब दाग हट जाए, तब बचे हुए सर्फ को पानी में मिलाकर घोल बना लें और कपड़े को उसमें आधे घंटे के लिए भिगो दें। इसके बाद कपड़े को सामान्य तरीके से धोकर सुखा लें। इससे जंग के दाग साफ हो जाएंगे।
एक नींबू का रस निकाल लें। इसमें नमक मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। अब रुई की मदद से इस पेस्ट को जंग वाले दाग पर लगाकर अच्छी तरह रगड़ें। इसके बाद कपड़े को धूप में सुखाने के लिए रख दें। कुछ देर बाद जंग के निशान साफ हो जाएंगे। अगर दाग पूरी तरह से न हटे हों, तो इस प्रक्रिया को 1 से 2 बार और दोहरा सकते हैं।
अगर कपड़े पर जंग के अलावा किसी दूसरी चीज का दाग लग गया है, तो कुछ आइस क्यूब लेकर दाग वाली जगह पर कुछ देर तक रगड़ें। इससे दाग हल्का पड़ जाएगा और उसे साफ करना आसान हो जाएगा।