Kitchen Hacks in Hindi: आज की स्टोरी में हम 5 ऐसी जरूरी हैक्स बताने जा रहे हैं, जिनका इस्तेमाल करके आप रोजाना टिफिन मिनटों में बना पाएंगे। आइए जानते हैं इन हैक्स के बारे में विस्तार से।
Kitchen Hacks in Hindi: घर का बना खाना हेल्दी होने के साथ ही टेस्टी भी होता है। इसलिए लोग हमेशा जितना हो सके उतना घर का खाना खाना पसंद करते हैं। लेकिन आज के समय की भागदौड़ भरी लाइफ और ऑफिस के काम के बीच रोजाना सुबह-सुबह खाना बनाना वर्किंग लोगों के लिए बेहद मुश्किल भरा काम है। इसीलिए लोग होटल और रेस्टोरेंट की तुलना में कैंटीन, होममेड फूड टिफिन सर्विस और क्लाउड किचन जैसी जगहों का खाना पसंद कर रहे हैं। ऐसे में अगर हसबैंड और वाइफ दोनों वर्किंग हैं या आपका बच्चा स्कूल जाता है, जिसके लिए टिफिन बनाकर देने में आपको देरी हो जाती है, तो हमारी आज की यह स्टोरी आपके लिए है। आज की स्टोरी में हम 5 ऐसी जरूरी हैक्स बताने जा रहे हैं, जिनका इस्तेमाल करके आप रोजाना टिफिन मिनटों में बना पाएंगे। आइए जानते हैं इन हैक्स के बारे में विस्तार से।
सुबह के समय स्कूल, कॉलेज या ऑफिस जल्दी पहुंचने के चक्कर में अक्सर किचन में अफरा-तफरी मची रहती है, जिससे खाना बनाने वाला परेशान हो जाता है। ऐसे में कभी टिफिन समय पर तैयार नहीं होता, तो कभी ऑफिस के लिए देर होने लगती है। इससे बचने के लिए आप सोने से पहले ही तय कर लें कि सुबह नाश्ते और टिफिन में क्या बनेगा। इससे आपको सुबह यह सोचने से छुटकारा मिल जाएगा कि क्या बनाना है। इसके साथ ही, जो सुबह बनाना है उसके लिए रात में या हफ्ते के अंत में जब भी समय मिले, प्याज, टमाटर, अदरक और लहसुन का पेस्ट बनाकर भून लें और उसे फ्रिज में स्टोर कर दें। सुबह बस सब्जी काटनी होगी और यह तैयार मसाला डालकर आपकी डिश 5-10 मिनट में बन जाएगी। इससे हर रोज मसाला भूनने में लगने वाला समय बच जाएगा। इसके अलावा अगर आपको फ्रेश चीजें इस्तेमाल करना पसंद है, तो आप चाकू की जगह चॉपर का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे सब्जियां बारीक और जल्दी कटेंगी।
आलू एक ऐसी सब्जी है जो बच्चों के टिफिन से लेकर सुबह के नाश्ते तक हर जगह काम आती है। इसलिए रात को ही आलू उबालकर फ्रिज में रख दें। सुबह आप झटपट सैंडविच, पराठे या जीरा आलू बना सकते हैं। इससे कुकर की सीटी का इंतजार करने, फिर उसे ठंडा करके छीलने और स्टफिंग तैयार करने तक का पूरा समय बच जाएगा।
खाना बनाते समय लहसुन छीलना सबसे ज्यादा समय लेने वाला काम है। इससे बचने के लिए लहसुन की कलियों को रात में ही ठंडे पानी में जल्दी जल्दी में छिलने के लिए हल्के गुनगुने पानी के साथ एक डिब्बे में डालकर जोर से हिलाएं। इससे छिलके आसानी से अलग हो जाते हैं। इसके अलावा आप चाहें तो एक बार में ज्यादा लहसुन छीलकर उसका पेस्ट बना सकते हैं या चॉपर से ग्राइंड करके किसी बॉक्स में स्टोर करके रख सकते हैं।
सुबह-सुबह धनिया साफ करना या मिर्च की डंठल तोड़ना न केवल देर कराता है, बल्कि इससे चिड़चिड़ापन भी हो सकता है। इसलिए हफ्ते भर का धनिया एक साथ साफ करके पेपर टॉवल में लपेटकर एयरटाइट डिब्बे में रखें। इसी तरह मिर्च की डंठल भी पहले ही तोड़कर रख लें। इससे खाना बनाते समय आपको सब कुछ रेडी मिलेगा और बिल्कुल भी देरी नहीं होगी।