
Power Bank Blast News : मशहूर भारतीय यूट्यूबर शिवानी कपिला उर्फ 'लिटिल ग्लव्स' ने पांच दिन पहले एक बुरी खबर साझा की। शिवानी ने बताया था कि बेडरूम में चार्जिंग पर लगा वायरलेस पावर बैंक अचानक फट गया, जिससे उनका पूरा कमरा जलकर खाक हो गया। यह कोई पहली घटना नहीं है, ऐसी घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। दरअसल, पावर बैंक आसानी से आग पकड़ सकते हैं, इसलिए फ्लाइट्स में भी सुरक्षा के लिहाज से इन्हें बैग से निकालकर अलग से चेक कराने या हैंडबैग में रखने के लिए कहा जाता है।
सबसे जरूरी बात: आप एक बात स्पष्ट तौर पर समझ लें कि इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता कि आप कितना महंगा या ब्रांडेड पावर बैंक इस्तेमाल करते हैं। इसके रखरखाव और सुरक्षा की अनदेखी करना आपको भारी पड़ सकता है। आइए, इस बारे में टेक एक्सपर्ट्स की कुछ अहम बातों को समझते हैं:
करीब तीन साल पहले एक टेक यूट्यूबर ने ऐसी ही एक घटना के बारे में बताया था कि कैसे पावर बैंक के कारण गाड़ी के अंदर आग लग गई थी, जिससे पूरी गाड़ी जल गई थी। आपको भी इस तरह की गलती करने से बचना चाहिए।
सुरक्षा टिप्स : कार या बाइक-स्कूटी की डिक्की में पावर बैंक को कभी न छोड़ें। वहां तापमान अधिक होने से आग लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है।
पावर बैंक और फोन में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरी अत्यधिक ज्वलनशील होती है। इसलिए खरीदारी करते वक्त आपको सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना चाहिए। चंद पैसे बचाने के लिए सड़क किनारे बिकने वाले सस्ते पावर बैंक न खरीदें। अगर उसकी मैन्युफैक्चरिंग डेट बहुत पुरानी है, तो भी उसे न लें।
इसके पीछे का मुख्य कारण ओवरहीटिंग है। शिवानी ने भी लोगों से अपील की है कि मोबाइल या पावर बैंक को कभी भी बिस्तर पर, तकिये के नीचे या सोने की जगह के पास रखकर चार्ज न करें। उनका कहना है कि आजकल घरों में इस्तेमाल होने वाले सिंथेटिक सामान बहुत जल्दी आग पकड़ लेते हैं।
सुरक्षा टिप्स: पावर बैंक को चार्जिंग पर लगाकर घर से बाहर न जाएं। उसे बेडरूम या किचन जैसी जगहों पर न रखें और न ही वहां चार्ज करें। रात में सोते समय इसे चार्जिंग पर लगाकर न सोएं। साथ ही, अगर पावर बैंक चार्ज करते समय बार-बार बहुत अधिक गर्म हो रहा है, तो उसे तुरंत बदल दें।
Power Bank Full Gaya Hai: अगर पावर बैंक ऊंचाई से गिरता है या जोर से टकराता है, तो वह अंदर से डैमेज हो सकता है। इससे उसके अंदर लगा डिवाइडर टूट सकता है और केमिकल रिएक्शन होने के कारण आग लग सकती है। इसी तरह, अगर किसी पुराने पावर बैंक की बैटरी फूल गई है, तो उसके अंदर गैस बनने के कारण भी ब्लास्ट हो सकता है।
सुरक्षा टिप्स: आपको टूटे-फूटे या टेप से चिपकाए गए डैमेज पावर बैंक का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए। साथ ही, अगर बैटरी फूल गई है तो उसे इस्तेमाल करना तुरंत बंद कर दें।