
Saree Fashion Tips: शादी या फंक्शन में जाने के लिए अगर आप हर बार की तरह साड़ी पहनने के बजाय कुछ अलग ट्राई करना चाहती हैं, तो साड़ी से ड्रेस जैसा लुक तैयार कर सकती हैं। साड़ी को सही तरीके से सेट करके आप गाउन, शॉर्ट ड्रेस, लॉन्ग स्कर्ट, ऑफ शोल्डर और हॉल्टर नेक जैसे कई स्टाइलिश लुक बना सकती हैं। खास बात यह है कि इसके लिए साड़ी में सिलाई कराने की जरूरत नहीं है। आइए जानते हैं साड़ी को इन अलग अलग स्टाइल में कैसे तैयार कर सकती हैं।
अगर आप साड़ी को गाउन की तरह स्टाइल करना चाहती हैं, तो सबसे पहले साड़ी के पल्लू को आगे की तरफ ट्रायंगल शेप में सेट करें। इसके बाद इसे पीछे से कंधे के ऊपर से लाकर आगे की तरफ रखें और सेफ्टी पिन की मदद से अच्छी तरह सिक्योर कर दें। अब कमर पर एक बेल्ट या इलास्टिक लगाएं। बची हुई साड़ी को छोटे छोटे प्लेट में सेट करके बेल्ट के ऊपर चारों तरफ टक करते जाएं। इससे नीचे की तरफ साड़ी का घेरा बनेगा और पूरा लुक गाउन जैसा नजर आएगा।
शॉर्ट ड्रेस के लिए हल्की और प्रिंटेड साड़ी ज्यादा आसान रहेगी। सबसे पहले कमर पर बेल्ट या इलास्टिक लगाकर साड़ी को सिक्योर करें। इसके बाद साड़ी के एक हिस्से को कमर के नीचे से ऊपर की तरफ निकालें और बाकी कपड़े को नीचे की तरफ रहने दें। अब कमर के चारों तरफ पतली पतली प्लेट बनाकर उन्हें पिन से सिक्योर करें। जहां साड़ी का जोड़ है, उस जगह को भी सेफ्टी पिन से अच्छी तरह सुरक्षित करें। इसके बाद ऊपर वाले हिस्से को कंधे की तरफ सेट करें। इससे नी लेंथ ड्रेस जैसा लुक मिल सकता है। चाहें तो कपड़े को एक तरफ उठाकर वन शोल्डर ड्रेस जैसा लुक भी बना सकती हैं।
साड़ी को लॉन्ग स्कर्ट की तरह स्टाइल करना भी काफी आसान है। इसके लिए सबसे पहले कमर पर बेल्ट या इलास्टिक लगाकर साड़ी को सिक्योर करें। इसके बाद साड़ी को कमर के चारों तरफ पतली प्लेट बनाते हुए सेट करें और नीचे की लंबाई बराबर रखें। प्लेट को पिन की मदद से अच्छी तरह सिक्योर कर लें। इसके साथ आप क्रॉप टॉप, शर्ट या फिटेड टॉप पहन सकती हैं। इससे साड़ी का लुक पूरी तरह बदल जाएगा और आपको एक स्टाइलिश इंडो वेस्टर्न आउटफिट मिल सकता है।
अगर आप पार्टी या फंक्शन के लिए थोड़ा मॉडर्न लुक चाहती हैं, तो साड़ी को हॉल्टर नेक ड्रेस की तरह भी स्टाइल कर सकती हैं। हॉल्टर नेक लुक के लिए साड़ी के पल्लू को गर्दन के आसपास सेट किया जा सकता है। सबसे पहले कमर पर बेल्ट या इलास्टिक लगाकर साड़ी को सिक्योर करें। इसके बाद पल्लू को सामने से ऊपर की तरफ ले जाकर गर्दन के पीछे सेट करें और सेफ्टी पिन से अच्छी तरह सिक्योर करें। नीचे वाले हिस्से में प्लेट बनाकर साड़ी को ड्रेस की तरह सेट करें।