
Winter Health Tips: सर्दियों का मौसम अपने साथ ठंडी हवाएं और खुशनुमा माहौल लेकर आता है, लेकिन साथ ही यह बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देता है। ठंड के कारण शरीर की इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) कमजोर हो सकती है, जिससे सर्दी-जुकाम, खांसी, जोड़ों का दर्द जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में जरूरत है कि अपनी रोजमर्रा की डाइट में ऐसे फूड्स को शामिल किया जाए, जो न सिर्फ शरीर को अंदर से गर्म रखें, बल्कि इम्युनिटी को भी मज़बूत बनाएं। आइए जानते हैं ऐसे ही 5 देसी और असरदार फूड्स के बारे में, जो सर्दियों में आपकी सेहत का खास ख्याल रख सकते हैं।
दादी-नानी का हर सर्दियों वाला नुस्खा बिना गुड़ के अधूरा रहता है। गुड़ में आयरन, जिंक और सेलेनियम जैसे जरूरी मिनरल्स होते हैं जो शरीर को डिटॉक्स करने और रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं। गुड़ खाने से पाचन बेहतर होता है, और सर्दी-जुकाम से बचाव भी होता है। आप इसे चाय में डालें, खाना खाने के बाद एक टुकड़ा लें या फिर गुड़-चने का कॉम्बिनेशन आजमाएं हर तरह से फायदा ही फायदा है।
देसी घी को यूं ही ‘अमृत’ नहीं कहा गया है। खासतौर पर सर्दियों में यह शरीर को गर्म रखने, इम्युनिटी बढ़ाने और जोड़ों में चिकनाई बनाए रखने के लिए जरूरी होता है। आप इसे रोटी पर लगाकर खाएं, या सब्जी-दाल में डालें देसी घी हर रूप में फायदेमंद है। कुछ लोग सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में एक चम्मच घी मिलाकर पीते हैं, जो डाइजेशन के लिए बेहद असरदार माना जाता है।
सर्दियों में बाजरा खाना पुराने जमाने से ही सेहत का राज माना गया है। इसमें मौजूद फाइबर, आयरन, और जरूरी अमीनो एसिड्स न सिर्फ लंबे समय तक भूख नहीं लगने देते, बल्कि पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाते हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि यह शरीर को ठंड से बचाने में मदद करता है। चाहे खिचड़ी बनाएं, रोटी या परांठा, बाजरे को किसी भी रूप में खाया जा सकता है।
सर्दियों में पालक, मेथी, सरसों और केल जैसी पत्तेदार सब्जियां खूब मिलती हैं, और इनका फायदा भी उतना ही ज़्यादा होता है। इनमें मौजूद विटामिन C, बीटा-कैरोटीन और फाइटोन्यूट्रिएंट्स इम्युन सिस्टम को मजबूत बनाते हैं और शरीर को फ्री-रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं। साथ ही ये आंखों की रोशनी और स्किन के लिए भी बेहद फायदेमंद हैं।
खजूर एक ऐसा फूड है जो स्वाद में भी मीठा होता है और सेहत में भी भरपूर फायदा देता है। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर, आयरन, और मिनरल्स होते हैं जो शरीर को एनर्जी देने के साथ-साथ हड्डियों को भी मजबूत बनाते हैं। खासतौर पर जोड़ों के दर्द या गठिया के मरीजों के लिए खजूर बेहद फायदेमंद है। रोजाना 2-3 खजूर खाने से शरीर की कमजोरी दूर होती है और सर्दी के असर से बचाव होता है।