
Lucknow Fire Victims List: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज (पुरनिया इलाका) में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। एक बहुमंजिला इमारत में संचालित कोचिंग सेंटर में लगी इस भीषण आग में 15 मासूम जिंदगियां हमेशा के लिए खामोश हो गई। आग और धुएं के बीच फंसने की वजह से 15 मासूम बच्चों और लोगों की जान चली गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रशासन ने जान गंवाने वाले और घायलों, दोनों की लिस्ट जारी कर दी है।
मारे गए लोगों की पहचान की पुष्टि करते हुए प्रशासन ने मृतकों की सूची सार्वजनिक की है। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में सागर, नीलेश, अनामिका, संयम, अनुष्ण, सुरभमनी, आदित्य श्रीवास्तव, ज्योति, मनीष, अब्दुल रहमान, सूरज भाट, भानुजान, जॉयनील चक्रवर्ती, मोहम्मद उमार और सुमैया शामिल हैं। इन सभी बच्चों के परिवारों में इस वक्त कोहराम मचा हुआ है।
इस भीषण अग्निकांड में झुलसने, दम घुटने और चोट लगने की वजह से 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इस वक्त अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों की सूची के अनुसार, अस्पताल में भर्ती लोगों में जयंत, लवप्रीत, मोहम्मद आरिफ, भुवन श्रीवास्तव, पंकज, शैलेन्द्र, अभिषेक, पंकज जोशी और गौरव कुमार शामिल हैं।
आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बिल्डिंग में कुछ ही मिनटों के अंदर काला धुआं भर गया। बच्चों को बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला, तो कुछ बच्चों ने अपनी जान बचाने के लिए ऊपर की मंजिलों से नीचे छलांग लगा दी।
KGMU ट्रॉमा सेंटर की डॉक्टर अमी अग्रवाल ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद 21 से 22 बच्चों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से 5 बच्चों की हालत को देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया गया था। दो बच्चे ऐसे हैं जिन्होंने ऊंचाई से छलांग लगाई थी, जिस वजह से उनकी कमर की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों की टीम सीटी स्कैन और अन्य जरूरी जांच रिपोर्ट करवाकर लगातार उन पर नजर रख रही है।
सोमवार को अलीगंज के पुरनिया इलाके में बनी इस बिल्डिंग में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर भी निकाला, लेकिन अफसोस कि 15 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल आग किस वजह से लगी इसकी जांच की जा रही है।