
Lucknow Panchmukhi Hanuman Mandir: लखनऊ के महानगर इलाके के बीरबल साहनी मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध श्री संकट हरन पंचमुखी हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी हो गई। बेखौफ चोरों ने मंदिर के चैनल का ताला तोड़कर राम, लक्ष्मण, माता सीता, भगवान गणेश और पंचमुखी हनुमान जी की मूर्तियों के नौ चांदी के मुकुट और तीन छत्र पार कर दिए। शातिर चोर सबूत मिटाने के लिए अपने साथ CCTV कैमरों का DVR भी ले गए हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना का खुलासा शनिवार 3 अगस्त की सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ जब मंदिर के पुजारी दिनेश कुमार दीक्षित पूजा-पाठ के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के चैनल पर लगे तीनों ताले टूटे हुए थे और नीचे पड़े थे। किसी अनहोनी की आशंका से जब वह अंदर गए तो शटर भी थोड़ा उठा हुआ था। गर्भगृह में जाने पर उन्होंने देखा कि भगवान गणेश, राम, लक्ष्मण, माता सीता और पंचमुखी हनुमान जी की मूर्तियों से चांदी के सभी मुकुट और छत्र गायब थे। पंचमुखी हनुमान जी के पांचों सिर पर लगे मुकुट भी चोर ले उड़े।
पुजारी ने तुरंत इस बड़ी घटना की जानकारी मंदिर के संस्थापक आरपी शर्मा उनके बेटे पवन कुमार शर्मा और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य जुटाए। मंदिर प्रबंधन के अनुसार चोरी हुए मुकुट और छत्र की कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कोशिश की तो पता चला कि चोर DVR भी अपने साथ ले गए हैं। अब पुलिस मंदिर के आसपास के रास्तों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज चेक कर रही है।
स्थानीय लोगों में इस पंचमुखी हनुमान मंदिर की गहरी आस्था है। सामान्य दिनों में यहां हर रोज करीब 200 श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं जबकि मंगलवार के दिन यह संख्या पंद्रह सौ से दो हजार तक पहुंच जाती है। यही वजह है कि मंदिर के कपाट सुबह 5:30 बजे खुल जाते हैं और दोपहर 12 बजे तक दर्शन होते हैं। इसके बाद शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक मंदिर भक्तों के लिए दोबारा खुलता है। रात 10 बजे कपाट बंद होने के बाद ही चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।