लखनऊ

Prateek Yadav Death: लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए जाने जाते थे प्रतीक यादव, जानें परिवार में कौन-कौन?

Prateek Yadav Luxury Lifestyle: उत्तर प्रदेश की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है, जहां मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव का अचानक निधन हो गया। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
2 min read
May 13, 2026
Aparna Yadav Husband Prateek Yadav Lifestyle
लग्जरी लाइफस्टाइल और जिम लवर थे प्रतीक यादव..

Prateek Yadav Lifestyle: उत्तर प्रदेश की राजनीति से बुधवार सुबह एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव के निधन की पुष्टि हुई। यह खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही स्थिति गंभीर

सूत्रों के अनुसार, प्रतीक यादव को सुबह लगभग 6:15 बजे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कौन थे प्रतीक यादव? (Prateek Yadav Profile)

प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। वे राजनीति से दूरी बनाए रखने वाले व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे और सार्वजनिक मंचों पर कम ही नजर आते थे। उनकी पहचान एक फिटनेस प्रेमी और लाइफस्टाइल शौकीन व्यक्ति के रूप में भी रही है। जिम और महंगी गाड़ियों के प्रति उनका विशेष आकर्षण था। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी और बाद में रियल एस्टेट व फिटनेस बिजनेस से जुड़े। लखनऊ में उन्होंने द फिटनेस प्लेनेट नाम से जिम भी स्थापित किया, जो फिटनेस कम्युनिटी में काफी जाना जाता रहा।

व्यवसाय और समाजसेवा से भी जुड़ा रहा जीवन

प्रतीक यादव सिर्फ बिजनेस तक सीमित नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे। उन्होंने जीव आश्रय नामक संगठन के माध्यम से आवारा कुत्तों के रेस्क्यू, इलाज और देखभाल का काम किया। पशु कल्याण से जुड़े कई अभियानों में उनका योगदान रहा है। उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग में उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। दोनों की एक बेटी प्रथमा है।

पूरा परिवार सियासत से जुड़ा

प्रतीक यादव का संबंध देश के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों में से एक से रहा है। उनके सौतेले भाई अख‍िलेश यादव वर्तमान में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। परिवार में डिम्पल यादव मैनपुरी से सांसद हैं। वहीं परिवार के अन्य सदस्य जैसे शिवपाल सिंह यादव भी लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। पिता मुलायम सिंह यादव का निधन 10 अक्टूबर 2022 को हुआ था।

निधन से शोक की लहर

प्रतीक यादव के निधन की खबर से पूरा यादव परिवार और राजनीतिक जगत शोक में डूब गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों पर अंतिम स्पष्टता मिल सकेगी।