लखनऊ

यूपी में एक साथ 9 IPS अफसरों का ट्रांसफर, जानिए किस अफसर को कहां भेजा गया

UP IPS Transfer: उत्तर प्रदेश में 9 IPS अफसरों का तबादला किया गया है। मेरठ, झांसी, संभल, बिजनौर समेत 7 जिलों के SP-SSP बदले गए हैं। नई तैनाती के बाद कई जिलों की पुलिस व्यवस्था में बदलाव होगा।
2 min read
Aug 21, 2026
UP IPS Transfer
यूपी में एक साथ 9 IPS अफसरों का ट्रांसफर (Instagram krishanbishnoi.ips Photo)

Uttar Pradesh 9 IPS Officers Transfer: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने 20 अगस्त की रात पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने 9 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें कई जिलों के SP और SSP बदले गए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा संभल के SP कृष्ण कुमार उर्फ केके बिश्नोई के तबादले की है। करीब दो साल तक संभल की कमान संभालने वाले केके बिश्नोई को अब बिजनौर का SP बनाया गया है।

इस फेरबदल के बाद संभल, बिजनौर, मेरठ, झांसी, सुल्तानपुर, गोंडा और बलरामपुर समेत कई जिलों में पुलिस नेतृत्व बदल गया है। वहीं बाराबंकी और हरदोई से भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है।

संभल से बिजनौर भेजे गए केके बिश्नोई

2018 बैच के IPS अधिकारी कृष्ण कुमार (केके बिश्नोई) संभल में अपनी सख्त कार्यशैली को लेकर चर्चा में रहे हैं। नवंबर 2024 में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान संभल में हिंसा भड़क गई थी। उस समय केके बिश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद थे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई का नेतृत्व करते हुए हालात संभालने की कोशिश की थी। इसके बाद उनकी कार्यशैली को लेकर काफी चर्चा हुई थी। अब सरकार ने उन्हें संभल से हटाकर बिजनौर की जिम्मेदारी दी है। बिजनौर के SP अभिषेक को गोंडा भेजा गया है।

संभल की कमान विकास चंद्र त्रिपाठी को

केके बिश्नोई की जगह विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का SP बनाया गया है। इससे पहले वह बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। हाल ही में PPS से IPS बनने के बाद उन्हें जिले में SP की जिम्मेदारी मिली है। इसी तरह हरदोई में अपर पुलिस अधीक्षक रहे मार्तण्ड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का SP बनाया गया है। दोनों अधिकारियों को प्रमोशन के बाद जिले की जिम्मेदारी मिली है।

मेरठ और झांसी में भी बदले पुलिस कप्तान

तबादला सूची में मेरठ और झांसी भी शामिल हैं। झांसी के SSP बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति को मेरठ का नया SSP बनाया गया है। वहीं मेरठ के SSP अविनाश पाण्डेय को हटाकर लखनऊ में डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। बलरामपुर के SP विकास कुमार को झांसी का नया SSP बनाया गया है। इस बदलाव के साथ दोनों बड़े जिलों में पुलिस नेतृत्व बदल गया है।

सुल्तानपुर और गोंडा में भी नई तैनाती

गोंडा के SP विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर का SP बनाया गया है। सुल्तानपुर की SP चारू निगम को लखनऊ में यूपी-112 की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं बिजनौर के SP अभिषेक अब गोंडा के पुलिस अधीक्षक होंगे। इस फेरबदल में कुल 9 IPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। सरकार के इस फैसले के बाद संबंधित जिलों की पुलिस व्यवस्था में भी बदलाव देखने को मिलेगा।

Updated on:
21 Aug 2026 08:11 am
Published on:
21 Aug 2026 08:09 am