लखनऊ

यूपी में अब सताएगी भीषण गर्मी, 40 डिग्री के पार जाएगा पारा, जानें मौसम विभाग का नया अलर्ट

UP Weather: यूपी में तेज गर्मी की वजह से मौसम का हाल बुरा होने वाला है। वहीं मौसम विभाग ने 15 मई तक तापमान में भारी बढ़ोतरी का अलर्ट जारी किया है। जानें लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी में कैसा रहेगा मौसम।
2 min read
May 11, 2026
UP Weather Update, Western Disturbance UP
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बढ़ेगा पारा | फोटो सोर्स- gemini

UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम की इस लुकाछिपी के बीच अब गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाने को तैयार है। पिछले कुछ दिनों से हो रही हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के बाद अब सूरज के तेवर तेज होने लगे हैं। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में प्रदेश के ज्यादातर जिलों में गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। जिसके कारण तापमान में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

12 से 15 मई के बीच बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सोमवार को मौसम साफ और शुष्क रहेगा, लेकिन मंगलवार (12 मई) से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर 15 मई तक रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी के तराई वाले इलाकों में बादल जरूर छा सकते हैं। इसी के साथ कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है, लेकिन यह गर्मी से राहत दिलाने के बजाय उमस बढ़ा सकती है।

तापमान में 6 से 8 डिग्री की भारी बढ़ोतरी

मौसम विभाग का कहना है कि भले ही तराई क्षेत्रों में बादल दिखें, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पारा तेजी से चढ़ सकता है। अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। कई जिलों में पारा 40 डिग्री के पार जाने का भी अनुमान है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।

प्रयागराज रहा सबसे गर्म, आगरा-वाराणसी में भी तपिश

प्रयागराज- 39.6°C (प्रदेश में सबसे गर्म)
बांदा- 39.2°C
वाराणसी और आगरा- 38.5°C
हमीरपुर- 26.2°C (सबसे गर्म रात दर्ज की गई)

राजधानी लखनऊ में अब सताएगी धूप

लखनऊ में पिछले कुछ दिनों से हो रही बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं का दौर अब रूक- सा गया है। रविवार से ही राजधानी में तेज धूप खिली है। बीते हफ्ते हुई बारिश से जो ठंडक मिली थी, वह अब गायब हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले एक हफ्ते में लखनऊ में पारा करीब 6 डिग्री तक बढ़ सकता है। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया, जिसकी अब तेजी से ऊपर चढ़ने की संभावना है।