मेरठ में एडीजी जोन के घर पहुंचे एसपी सिटी पर किया उनके पालतू कुत्‍ते ने हमला, विभाग में चल रही है चर्चा
मेरठ। आज मेरठ के पुलिस महकमे में एक घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। यह मामला एसपी सिटी से जुड़ा हुआ है तो इसका चर्चा में बने रहना भी लाजिमी है। बताया जा रहा है कि एडीजी जोन के घर पहुंचे एसपी सिटी पर पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया था। इस बीच एसपी सिटी ने शोर भी मचाया लेकिन कुत्ते ने उन्हें काट लिया। हालांकि, इस मामले में एडीजी जोन का कहना है कि उनका पालतू कुत्ता किसी को नहीं काटता है।
कुछ दिन पुराना है मामला
मामला कुछ दिन पुराना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, एसपी सिटी रणविजय सिंह किसी काम से एडीजी जोन प्रशांत कुमार के घर पर गए थे। एडीजी के पास एक पालतू कुत्ता भी है। जैसे ही एसपी सिटी ने अंदर कदम रखा ताे पालतू कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। इस पर एसपी सिटी ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर जब तक पुलिसकर्मी वहां पहुंचते तब तक कुत्ते ने उनके हाथ में काट लिया। इसके बाद एसपी सिटी को इंजेक्टशन लगवाने पड़े। हालांकि इस मामले को ज्यादा हवा नहीं दी गई। एडीजी जोन प्रशांत कुमार का कहना है कि उनका पालतू कुत्ता किसी को काटता नहीं है। जबकि एसपी सिटी ने बताया कि मामला करीब एक सप्ताह पुराना है। कुत्ते ने काटा था पर ज्यादा नहीं।
एसपी ट्रैफिक की बेटी को भी काटा
वहीं बताया जा रहा है कि सोमवार रात को एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार बाजपेई के पालतू कुत्ते ने उनकी बेटी को काट लिया। खेल-खेल में कुत्ते ने उनकी बेटी को काटा है। उसका इलाज एक निजी अस्पताल में कराया गया।