Meerut Toll Plaza News: मेरठ टोल मारपीट के बाद अब टोल प्लाजाओं पर सेना के जवानों को सम्मान मिल रहा है। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे के काशी टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों ने सैन्य वाहनों को सैल्यूट कर सबका दिल जीत लिया।
Toll plaza army soldier respect after assault incident in meerut: बीते दिनों मेरठ के भूनी टोल प्लाजा पर सेना के जवान कपिल के साथ हुई मारपीट ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया था। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया से लेकर आम जनता तक आक्रोश देखने को मिला। हर किसी ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। नतीजा यह हुआ कि पुलिस और प्रशासन की सख्ती के बाद अब टोल कर्मियों के रवैये में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
घटना के बाद बुधवार को मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा पर एक दिल छू लेने वाला दृश्य सामने आया। यहां टोल से गुजरने वाले हर सैन्य वाहन को टोल कर्मियों ने खड़े होकर सैल्यूट किया। यात्रियों ने इस नजारे को कैमरे में कैद किया और सोशल मीडिया पर शेयर किया। इससे यह संदेश गया कि टोल कर्मियों ने सेना के जवानों के सम्मान को सर्वोपरि माना है।
सिर्फ काशी टोल ही नहीं, बल्कि मेरठ के अन्य टोल प्लाजाओं पर भी यही दृश्य देखने को मिला। जवानों को सलाम करते इन कर्मियों की पहल की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। आम जनता का कहना है कि यह बदलाव समाज में सकारात्मक संदेश देता है कि सेना का सम्मान सबसे पहले होना चाहिए।
दरअसल, कुछ दिन पहले मेरठ के भूनी टोल प्लाजा पर जम्मू-कश्मीर में तैनात जवान कपिल के साथ टोल कर्मियों ने मारपीट की थी। कपिल छुट्टी बिताने के बाद ड्यूटी पर लौट रहे थे, लेकिन लंबी कतार में फंसे होने की वजह से उन्होंने जल्दी निकलने का अनुरोध किया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और टोल कर्मचारियों ने जवान को खंभे से बांधकर पीटा।
जवान से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जनता और राजनीतिक संगठनों में गुस्सा फैल गया। लोग सड़कों पर उतर आए और पुलिस से कार्रवाई की मांग करने लगे। मामले ने तूल पकड़ते ही प्रशासन हरकत में आया और दोषी टोल कर्मियों पर सख्त कदम उठाए।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने घटना में शामिल छह टोल कर्मियों पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वहीं, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने भी टोल एजेंसी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इस सख्ती ने अन्य टोल एजेंसियों के लिए नजीर पेश की है।
अब जब टोल कर्मी सेना के जवानों को देखकर खड़े होकर सैल्यूट कर रहे हैं, तो यह बदलाव जनता के दिल को छू रहा है। लोग इसे सही मायने में ‘देश की सेवा करने वालों के सम्मान’ की पहल बता रहे हैं। यह नजारा न सिर्फ मेरठ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए संदेश है कि सेना के प्रति आदर हर नागरिक का कर्तव्य है।