
गुवाहाटी। उत्तर पूर्वी राज्य असम,त्रिपुरा और मणिपुर में पिछले सप्ताह भारी बारिश से आई बाढ़ के बाद हालात अब भी नाजुक बने हुए हैं। इस दौरान,भूस्खलन और बाढ़ में 21 लोगों की मौत हो गई। जबकि असम और त्रिपुरा में बाढ़ प्रभावित इलाकों से करीब 30,000 लोगों को बचाया गया है। शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों में त्रिपुरा के कैलाशहर और असम के हैलाकांडी में भारतीय वायुसेना के जवानों ने लगभग आठ टन की राहत सामग्री बांटी। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार,ब्रह्मपुत्र नदी का जल स्तर 4-5 सेंटीमीटर प्रतिघंटे क रफ्तार से बढ़ रहा है। साथ ही चेतावनी जारी की गई है कि अगले दो से तीन दिनों में यह खतरे के निशान तक पहुंच जाएगा।
बिजली की अपूर्ति ठप
प्रभावित राज्यों के कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति भी ठप पड़ी है। कई जिलों में स्कूल और सरकारी कार्यालय बंद कर दिए गए हैं। असम में बाढ़ के कारण छह जिलों के 4.5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। वांगोई, लांफेल, इरोइसेंबा, लामसांग, पत्सोई और कोंथुजम जैसे इलाके बुरी तरह प्रभावित हैं। जानकारी के मुताबिक, एक लाख से अधिक लोग विस्थापित होकर आश्रयस्थलों में ठहरे हुए हैं।
केंद्र सरकार भरपूर मदद करेगी
करीब 430 लोगों को इंफाल के इरोंग, मइबम, उछीवा, अराप्ती, कियामगेई, अचानबिगेई और मोंगजम गांवों से बचाया गया है। त्रिपुरा के कई गांवों से 950 लोगों को वायुसेना के जवानों ने बचाया है। 2000 से अधिक लोग राहत कैंपों में ठहरे हुए हैं। इसके पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीति आयोग की चौथी बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य सरकारों से कहा था कि बाढ़ प्रभावित सभी इलाकों को केंद्र सरकार भरपूर मदद करेगी।