कोरोना वायरस ने दिल्ली व महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों में तबाही मचाई हुई है देहरादून मेडिकल हॉस्पिटल में 9 महीने के संक्रमित बच्चे ने कोरोना को हरा दिया है
नई दिल्ली। एक ओर जहां कोरोना वायरस ( coronavirus ) ने दिल्ली व महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों में भारी तबाही मचाई हुई है, वहीं उत्तराखंड में कोरोना ( Coronavirus in Uarakhand ) संक्रमित मरीजों के ठीक होने का औसत काफी बेहतर है।
दून मेडिकल अस्पताल ( Doon Medical Hospital ) और सुशीला तिवारी मेडिकल अस्पताल हल्द्वानी ( Sushila Tiwari Medical Hospital Haldwani ) से कोरोना के मरीजों के लगातार ठीक होने की खबरे आ रही हैं।
वहीं, इस बीच देहरादून मेडिकल हॉस्पिटल से एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां 9 महीने के कोरोना संक्रमित बच्चे ने इस जानलेवा बीमारी को हरा दिया है।
दून मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती यह कोरोना का नन्हा मरीज गुरुवार को बिल्कुल ठीक हो गया। इस बच्चें को कोरोना से जंग जीतने में छह दिन में लगे।
इसके साथ वह उत्तराखंड में सबसे कम समय में कोरोना को हराने वाला मरीज बन गया है।
आपको बता दें कि इससे पहले एक ट्रेनी आईएफएस कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, लेकिन एक हफ्ते के इलाज के बाद वो भी घातक बीमारी से बाहर आने में सफल रहे।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डिप्टी एमएस और स्टेट कोरोना कॉर्डिनेटर डा. एनएस खत्री ने बताया कि बच्चे की लगातार दो रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उसको हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
आपको बता दें कि भगत सिंह कालोनी निवासी मस्जिद कर्मचारी में कोरोना का संक्रमण पाया गया था, जिसके संपर्क में आने से यह बच्चा भी संक्रमित हो गया। बच्चे को 17 अप्रैल को हॉस्पिटल लाया गया था।