
Nagpur Murder Case: कहते हैं गुस्से में कही गई बात कभी-कभी इंसान की पूरी जिंदगी बदल देती है, लेकिन महाराष्ट्र के नागपुर में जो हुआ उसने सबको हैरान कर दिया है। करीब डेढ़ महीने पहले एक शादी समारोह में पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से से लाल पत्नी ने वहां मौजूद लोगों के सामने चिल्लाकर कहा- 'जो कोई इसे जान से मार देगा, उसे मैं एक लाख रुपए दूंगी।' उस वक्त वहां मौजूद रिश्तेदारों और मेहमानों ने इसे सिर्फ एक मामूली घरेलू झगड़ा समझकर टाल दिया होगा। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि गुस्से में कही गई यह बात आगे चलकर एक खौफनाक हत्याकांड की स्क्रिप्ट बन जाएगी।
यह हैरान कर देने वाली वारदात महाराष्ट्र के नागपुर स्थित भांडेवाड़ी पुलिस थाना इलाके की है। जहां बीती रात कुख्यात अपराधी गणेश उर्फ गुरुदेव बोरकर की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। जब पुलिस ने इस केस की गुत्थी सुलझाई, तो जो सच सामने आया उसने सभी को चौंका दिया। क्योंकि जिस पति की लंबी उम्र के लिए पत्नी व्रत रखती है, उसी ने अपने सुहाग का सौदा महज एक लाख रुपए में कर दिया था।
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक गणेश बोरकर पर हत्या, हत्या के प्रयास और चोरी के कई मामले दर्ज थे। वह शराब का आदी था और आए दिन अपनी पत्नी मनीषा के साथ मारपीट करता था। मनीषा की यह दूसरी शादी थी और पहले पति से उसकी दो बेटियां हैं। मनीषा ने पुलिस को बताया कि गणेश न केवल उसे प्रताड़ित करता था, बल्कि उसकी बेटियों पर भी गलत नजर रखता था। वह अक्सर घर न आने पर जान से मारने की धमकियां भी देता था।
करीब डेढ़ महीने पहले कन्हान इलाके में एक पारिवारिक शादी के दौरान गणेश ने मनीषा को सरेआम पीटा और गाली-गलौज की। इसी बेइज्जती और गुस्से में मनीषा ने उसकी हत्या करने वाले को एक लाख रुपए देने का ऐलान कर दिया। वहां मौजूद ददू उर्फ अभिजीत साखरे और अमन उर्फ नाटो ने इस बात को गंभीरता से ले लिया और हत्या का सौदा तय हो गया। मनीषा ने अपने ही गहने बेचकर पैसों का इंतजाम किया और आरोपियों को 50 हजार रुपए एडवांस भी दे दिए।
एडवांस पैसे मिलते ही आरोपियों ने जाल बिछाना शुरू कर दिया। बीती रात अमन अपने दो साथियों के साथ लगातार गणेश की रेकी कर रहा था। जैसे ही गणेश उन्हें सुनसान जगह पर अकेला मिला, आरोपियों ने धारदार हथियारों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसे मौत के घाट उतार दिया।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने पत्नी मनीषा बोरकर और एक अन्य आरोपी अभिजीत उर्फ ददू साखरे को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में मनीषा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वहीं, इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।