Maharashtra Crime: पुलिस ने लड़की के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि प्रेमी ने आभूषणों का क्या किया।
महाराष्ट्र के छत्रपती संभाजीनगर (Chhatrapati Sambhajinagar) में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय युवती ने अपने कर्ज में डूबे बॉयफ्रेंड को मदद करने के लिए अपनी ही मां के 11 तोले सोने के गहने और 1 लाख 55 हजार रुपये चुराकर दे दिए।
घटना छत्रपती संभाजीनगर के शहतील भारतनगर के हडको क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार आरोपी मंगेश विलास पंडित ने युवती पर दबाव डालकर गहने और नकदी हासिल की। मंगेश का दोस्त कुणाल केरकर भी इस मामले में शामिल था। दोनों को बेगमपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
लड़की की 58 वर्षीय मां स्वास्थ्य विभाग में नौकरी करती थी और अब रिटायर हो चुकी हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब शनिवार को रक्षाबंधन के दिन उनके बेटे ने सोने की अंगूठी मांगी। अलमारी खोलने पर सभी गहनों के डिब्बे खाली मिले और नकदी भी गायब थी। पूछताछ में बेटी ने कबूल किया कि दो महीने पहले ही रात में उसने प्रेमी के कहने पर गहने रुमाल में बांधकर बकेट से नीचे खड़े बॉयफ्रेंड को दे दिए थे।
लड़की की मां ने सोमवार को बेगमपुरा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। गहनों में 24 और 21 ग्राम की दो चेन, 3 ग्राम के कानों के रिंग, 10 ग्राम का सोने का सिक्का, 10-10 ग्राम की तीन अंगूठियां, 4 ग्राम का मेडल, 2.5 ग्राम की रिंग, 2 ग्राम की अंगूठी, 3 ग्राम की बालियां, 2.5 तोले का मंगलसूत्र, 10 ग्राम के कानों के झुमके, एक चांदी की अंगूठी और नकदी शामिल थी।
पुलिस ने लड़की के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि प्रेमी ने आभूषणों का क्या किया। युवती ने बताया की प्रेमी ने पैसे की जरुरत होने की बात कहकर उससे पैसे और गहने मांगे थे। फिलहाल पुलिस गहनों का पता लगाने और मामले की गहराई से जांच कर रही है।