नागौर

Nagaur Crime: रसद विभाग की कार्रवाई से हड़कंप, होटल संचालक बोला- खुद को लगा दूंगा आग, अफरा-तफरी मची

LPG Gas Cylinders Seized: घरेलू गैस के व्यावसायिक इस्तेमाल पर कार्रवाई के दौरान रसद विभाग ने 9 सिलेंडर जब्त किए। एक होटल पर छापेमारी के दौरान हंगामा होने से कुछ देर के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए।

2 min read
Mar 17, 2026
मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो- पत्रिका

मकराना। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग पर लगाम कसने के लिए मंगलवार को जिला रसद विभाग की कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया। होटल और रेस्टोरेंट्स पर छापेमारी के दौरान जहां 9 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, वहीं एक होटल पर कार्रवाई के दौरान हंगामा खड़ा हो गया और स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण बन गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे हालात बिगड़ते नजर आए और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

ये भी पढ़ें

Good News: राजस्थान में गैस सिलेंडर को लेकर आई बड़ी खुशखबरी, आखिरकार सरकार ने लिया बड़ा फैसला

9 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

रसद विभाग की टीम ने बायपास बस स्टैंड और गौड़ाबास क्षेत्र में संचालित होटलों व रेस्टोरेंट्स पर कार्रवाई करते हुए चार स्थानों से कुल 9 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। जांच के दौरान पाया गया कि इन सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध है। इसी दौरान बायपास तिराहे स्थित होटल ‘दिल्ली जायका बिरयानी कॉर्नर’ पर पहुंची टीम का होटल संचालक से विवाद हो गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार हंगामे के बीच एक व्यक्ति ने खुद को आग लगाने की धमकी देते हुए राजकार्य में बाधा पहुंचाई। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अख्तर अली पुत्र बनी अली, निवासी ताहिरपुर (दिल्ली), हाल निवासी मकराना के रूप में हुई है।

आरोपी को काबू में करने के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें भी आईं। घटना की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी अंशुल सिंह बेनीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया, वृताधिकारी विक्की नागपाल और थानाधिकारी गरिमा चौधरी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। इस संबंध में प्रवर्तन निरीक्षक मकराना की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इनका कहना है

जिला रसद अधिकारी से कार्रवाई की पूर्व सूचना मिलने के बाद पुलिस जाब्ता मौके पर भेजा गया था। कार्रवाई के दौरान टीम के एक सदस्य पर हमले की सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और कानून-व्यवस्था को संभाला।

  • अंशुल सिंह बेनीवाल, उपखंड अधिकारी

यह कार्रवाई घरेलू गैस के अवैध व्यावसायिक उपयोग, भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

  • उपेंद्र ढाका, जिला रसद अधिकारी

ये भी पढ़ें

LPG Shortage: घरेलू गैस की कालाबाजारी, 1 सिलेंडर की कीमत 2000 रुपए, एलपीजी संकट पर आया प्रशासन नया आदेश

Also Read
View All

अगली खबर