राष्ट्रीय

सुवेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में बड़ा खुलासा, STF को बिहार से मिला लिंक

Suvendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले की जांच तेज हो गई है, STF ने बिहार के बक्सर में छापेमारी कर कुख्यात अपराधी विशाल श्रीवास्तव को हिरासत में लिया है।
2 min read
• •
Updated: 11 May 2026, 10:12 AM IST
Suvendu Adhikari PA Death
सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या (Patrika Graphic)

Chandranath Rath Murder Case: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में जांच एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की तह तक पहुंचने के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बिहार के बक्सर जिले में बड़ी छापेमारी की है।

बक्सर में STF की छापेमारी

सूत्रों के अनुसार, STF की टीम ने बक्सर के पांडेयपट्टी इलाके में स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक सटीक ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस दौरान टीम ने कुख्यात अपराधी विशाल श्रीवास्तव को उसके ठिकाने से हिरासत में ले लिया है।

कई आपराधिक मामलों में संलिप्त आरोपी

विशाल श्रीवास्तव लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और उस पर कई आपराधिक मामलों में संलिप्त होने का आरोप है। बताया जाता है कि उसके खिलाफ हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

पूछताछ के लिए कोलकाता ले जाया गया

गिरफ्तारी के बाद STF टीम विशाल श्रीवास्तव को पूछताछ के लिए कोलकाता ले गई। हालांकि, कुछ समय की पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। इस घटनाक्रम को लेकर जांच एजेंसियां अभी तक कोई आधिकारिक विस्तृत बयान नहीं दे रही हैं।

6 मई को हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या

गौरतलब है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या 6 मई 2026 की रात को हुई थी। जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने पहले से घात लगाकर उन पर हमला किया और नजदीक से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल चंद्रनाथ रथ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में उनके ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई थीं, जिसका इलाज जारी है।

असली आरोपियों की तलाश तेज

इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस और STF लगातार जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल असली आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई स्तरों पर छानबीन जारी है। फिलहाल, इस मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है और जांच एजेंसियां हर एंगल से केस को सुलझाने में जुटी हुई हैं।

Updated on:
11 May 2026, 10:12 AM IST
Published on:
Also Read
View All