राष्ट्रीय

BJP ने 2027 चुनाव की तैयारी शुरू की, मास्टर प्लान आया सामने, ‘चुनाव कभी खत्म नहीं होते’

बीजेपी ने 2027 चुनाव की तैयारी अभी से शुरू की। बूथ स्तर पर फोकस, राज्यों में बैठकें और लगातार सक्रिय संगठन के जरिए पार्टी लंबी राजनीतिक रणनीति पर काम कर रही है।

2 min read
Apr 29, 2026
Nitin Nabin
नितिन नबीन (फोटो- आईएएनएस)

BJP Election Strategy: देश की राजनीति में अब चुनाव सिर्फ तारीखों तक सीमित नहीं रह गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने साफ कर दिया है कि उसके लिए चुनाव एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। यही वजह है कि पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। पार्टी के नए अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यभार संभालते ही उन्होंने कई राज्यों में दौरे शुरू कर दिए हैं। इन दौरों का मकसद सिर्फ मौजूदा चुनाव नहीं, बल्कि आने वाले सालों के लिए मजबूत आधार तैयार करना है। इस पूरी रणनीति पर खुद नरेंद्र मोदी और अमित शाह नजर रखे हुए हैं। पार्टी का फोकस साफ है, मतदाता आधार बढ़ाना और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना। बीजेपी इसे एक लंबी राजनीतिक योजना के तौर पर देख रही है।

राज्यों में लगातार बैठकें

गुजरात, उत्तर प्रदेश और गोवा जैसे राज्यों में कई अहम बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में स्थानीय संगठन की कमजोरियों को पहचाना जा रहा है और नेतृत्व में बदलाव पर भी चर्चा हो रही है। साथ ही, हर राज्य के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय किए जा रहे हैं, ताकि अगले चुनाव तक मजबूत स्थिति बनाई जा सके।

नो ब्रेक वाला चुनाव मॉडल

बीजेपी की रणनीति का सबसे खास हिस्सा है। बिना रुके काम करना। पार्टी के अंदर इसे ऐसा सिस्टम बताया जा रहा है, जिसमें चुनाव हो या न हो, संगठन लगातार सक्रिय रहता है। इसमें कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाना, लोगों से संपर्क बनाए रखना और हर मुद्दे पर सक्रिय रहना शामिल है।

अन्य पार्टियों से अलग सोच

आमतौर पर राजनीतिक दल चुनाव के करीब आते ही सक्रिय होते हैं, लेकिन बीजेपी इस पुराने तरीके से अलग रास्ता अपना रही है। पार्टी सालभर काम करने के मॉडल पर चल रही है, जिससे जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत बनी रहे और चुनाव के समय कोई जल्दबाजी न करनी पड़े। नितिन नबीन जल्द ही उत्तराखंड का दौरा करने वाले हैं, जहां वे संगठन की स्थिति का जायजा लेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे। इसी तरह अन्य राज्यों के लिए भी दौरे और बैठकें पहले से तय की जा रही हैं।

मजबूत गढ़ और नए इलाके दोनों पर नजर

बीजेपी की योजना सिर्फ अपने मजबूत राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश और गुजरात को बनाए रखने की नहीं है, बल्कि उन इलाकों में भी विस्तार करने की है जहां पार्टी अभी कमजोर है। इसके लिए बूथ स्तर पर कमेटियां, डेटा आधारित रणनीति और लगातार फीडबैक सिस्टम पर काम किया जा रहा है।

लंबी राजनीति की तैयारी

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि यह पूरी कवायद सिर्फ अगले चुनाव जीतने के लिए नहीं है, बल्कि एक ऐसा मजबूत ढांचा तैयार करने के लिए है जो लंबे समय तक काम करे। बीजेपी अब खुद को हमेशा चुनाव के लिए तैयार रखने वाले मॉडल पर आगे बढ़ा रही है।

Published on:
29 Apr 2026 04:10 pm