Manmohan Singh: पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर राजनीति तेज हो गई है। अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।
Manmohan Singh Funeral: पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का शनिवार को दिल्ली के निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) के अंतिम संस्कार को लेकर राजनीति तेज हो गई है। अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह वास्तव में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के दुखद निधन पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस की इस सोच की जितनी निंदा की जाए कम है।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस (Congress) जिसने मनमोहन सिंह को उनके जीवित रहते कभी वास्तविक सम्मान नहीं दिया, अब उनके सम्मान के नाम पर राजनीति कर रही है। गांधी परिवार ने अपने परिवार के अलावा देश के किसी बड़े नेता का सम्मान नहीं किया है और न ही उनके साथ न्याय किया है। चाहे वह कांग्रेस पार्टी से हो या उससे बाहर, चाहे वह बाबासाहेब अंबेडकर हों, देश के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र बाबू हों, लाल बहादुर शास्त्री जी हों, सरदार पटेल जी हों, पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव जी हों या प्रणब मुखर्जी, सीताराम केसरी जी हों या अटल बिहारी वाजपेयी जी हों।
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस और गांधी परिवार ने किसी अन्य बड़े नेता का सम्मान नहीं किया है। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार (Modi Government) ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की समाधि के लिए जगह भी उपलब्ध कराई है और परिवार को सूचित भी किया है, लेकिन कांग्रेस झूठी खबरें फैला रही है। कांग्रेस ने देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब दा के निधन पर कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा शोक सभा बुलाने की भी जहमत नहीं उठाई थी। कांग्रेस ने सिर्फ अपने परिवार के सदस्यों के लिए स्मारक और समाधि बनवाई। सम्मान का असली मतलब इन्हें प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) से सीखना चाहिए।
वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह का अपमान करने का आरोप लगाया था। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी (Manmohan Singh) का अंतिम संस्कार आज निगमबोध घाट पर करवाकर वर्तमान सरकार द्वारा उनका सरासर अपमान किया गया है। उन्होंने कहा एक दशक के लिए वह भारत के प्रधानमंत्री रहे, उनके दौर में देश आर्थिक महाशक्ति बना और उनकी नीतियां आज भी देश के गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा हैं। आज तक सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की गरिमा का आदर करते हुए उनके अंतिम संस्कार अधिकृत समाधि स्थलों में किए गए ताकि हर व्यक्ति बिना किसी असुविधा के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दे पाए। डॉ. मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च सम्मान और समाधि स्थल के हकदार हैं। सरकार को देश के इस महान पुत्र और उनकी गौरवशाली कौम के प्रति आदर दिखाना चाहिए था।