राष्ट्रीय

हिफाजत करने वाला पिता ही बना आरोपी, 3 मासूम बेटियों का बेरहमी से गला रेतने का आरोप

Jharkhand के गिरिडीह में एक पिता पर अपनी तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद गांव में मातम है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Jun 08, 2026
Jharkhand Police
झारखंड के गिरिडीह में पिता ने अपनी तीन बेटियों का गला काटकर हत्या कर दी!

Father Kills Daughters: झारखंड के गिरिडीह जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपनी ही तीन मासूम बेटियों की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तुरुकडीहा गांव में हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

तीन बेटियों की निर्मम हत्या

यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत के तुरुकडीहा गांव की है। सोमवार सुबह जैसे ही परिजन घर के अंदर पहुंचे, वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। तीन बच्चियां खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक बच्चियों की पहचान पल्लवी कुमारी (12 साल), रिद्धि कुमारी (7) और उनकी जुड़वा बहन सिद्धि कुमारी (7) के रूप में हुई है। आरोप है कि इन तीनों की हत्या उनके ही पिता नंदकिशोर यादव ने धारदार हथियार से गला रेतकर की।

मासूमों की मौत से पूरे गांव में मातम

तीन मासूम बच्चियों की हत्या की खबर ने पूरे गांव को झकझोर दिया। लोग इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे थे कि कोई पिता अपनी ही बेटियों के साथ इतना बड़ा कदम कैसे उठा सकता है। ग्रामीणों में आरोपी के प्रति आक्रोश है। यह घटना देर रात की बताई जा रही है, लेकिन इसका खुलासा सुबह हुआ। जैसे ही मामला सामने आया, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए।

पुलिस ने पिता को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी की गई। आरोपी पिता नंदकिशोर यादव को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने कहा, 'प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।' उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Published on:
08 Jun 2026 03:45 pm