Congress: कांग्रेस केरला में प्रचंड जीत के बाद भी सीएम का चेहरा तय नहीं कर पा रही है। लगातार बैठकों का दौर कांग्रेस में जारी है लेकिन सीएम तय नहीं हुआ है। इसको लेकर विपक्ष अब कांग्रेस पर हमलावर है।
Kerala Next CM: केरल विधानसभा चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस की नेतृत्व वाली UDF अभी तक सीएम का चेहरा फाइनल नहीं कर पाई है। राज्य के विधानसभा चुनाव में UDF को बंपर जीत हासिल हुई है। कांग्रेस को 63 IUML को राज्य में 22 सीटें मिली। दोनों को मिलकर बहुमत का आंकड़ा आराम से पार हो जाता है। 140 सीट वाले राज्य में बहुमत के लिए 71 सीटों की जरुरत होती है। बहुमत होने के बावजूद सीएम चेहरा फाइनल नहीं हो पाया है। इसपर अब LDF ने कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया है। LDF के संयोजक टीपी रामकृष्णन ने कहा है कि ये राज्य की जनता और मैंडेट का अपमान है।
तिरुवनंतपुरम में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रामकृष्णन ने कहा कि कांग्रेस को जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव जीतने के बाद भी नेतृत्व को लेकर कुछ भी तय नहीं करना सही संदेश नहीं देता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले मुख्यमंत्री का फैसला हो जाए, उसके बाद बाकी मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है। रामकृष्णन ने आगे जोड़ा कि अभी तक सीएम फेस फाइनल नहीं होना राज्य और बहुमत के साथ इंसाफ नहीं है। आपको बता दें पिनरई विजयन को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। LDF बहुमत का आंकड़ा नहीं छु पाई है। पांच राज्यों के चुनाव नतीजे के बाद कांग्रेस के लिए केरला से ही अच्छी खबर सामने आई। बाकि राज्यों में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।
उधर, कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर दिल्ली में लगातार बैठकों का दौर जारी है। पार्टी आलाकमान के साथ हुई अहम बैठक में राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बताया जा रहा है कि वीडी सतीशन, केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। हालांकि अभी तक नाम को लेकर कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस विधायक दल ने एक लाइन का प्रस्ताव पास कर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान पर छोड़ दिया है। यानी मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला अब दिल्ली से ही होगा। चुनाव में यूडीएफ ने 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया।