
Ketan Agarwal Murder Case: केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल के बाद अब पुलिस ने उसके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को भी लोहागढ़ फोर्ट ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएशन और गेट एनालिसिस कराया। जांच के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और किले को कुछ समय के लिए आम पर्यटकों के लिए बंद रखा गया। इधर, इस बहुचर्चित मामले पर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। गायिका रीतू शर्मा ने भी इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए केतन अग्रवाल को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले पर सिंगर रीतू शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर इस मामले पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने केतन अग्रवाल के लिए जस्टिस की मांग करते हुए कहा कि उनकी कथित तौर पर उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी द्वारा लोहागढ़ किले में हत्या कर दी गई। अपने पोस्ट में रीतू शर्मा ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने लिखा कि सिया को भी वही सजा मिलनी चाहिए, यानी उसे किले से नीचे धकेल दिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि किसी रिश्ते में ना कहना या उसे खत्म करना, किसी की जान लेने से ज्यादा मुश्किल क्यों समझा जाता है।
पुणे पुलिस बुधवार को आरोपी चेतन चौधरी को लोहागढ़ फोर्ट लेकर पहुंची, जहां कथित तौर पर कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की गई थी। जांच अधिकारियों ने मौके पर पूरे घटनाक्रम को दोबारा समझने के लिए क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया। इसके साथ ही गेट एनालिसिसभी किया गया, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके।
गेट एनालिसिस (Gait Analysis) एक वैज्ञानिक जांच तकनीक है, जिसमें किसी व्यक्ति के चलने, दौड़ने और शारीरिक गतिविधियों के पैटर्न का विश्लेषण किया जाता है। पुलिस अक्सर सीसीटीवी फुटेज या अन्य वीडियो में दिखाई देने वाले संदिग्धों की पहचान के लिए इस तकनीक का इस्तेमाल करती है।
पुणे ग्रामीण के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस शुभम कुमार ने बताया कि चेतन चौधरी को घटनास्थल पर ले जाकर उस दिन की घटनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि आरोपी ने मौके पर पुलिस को घटनाक्रम समझाया है। फिलहाल मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से जारी है और सभी साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण किया जा रहा है।
रीतू शर्मा की पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स ने केतन अग्रवाल को न्याय दिलाने की मांग का समर्थन किया है। वहीं, कई लोगों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है, इसलिए अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस जांच और अदालत की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार किया जाना चाहिए।
दूसरी ओर, चेतन चौधरी के वकील एडवोकेट राधिकेश उत्तरवार ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि अब तक उपलब्ध दस्तावेजों में उनके क्लाइंट की स्पष्ट भूमिका सामने नहीं आई है। साथ ही उनका कहना है कि घटना वाले दिन लोहागढ़ फोर्ट के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाला व्यक्ति चेतन चौधरी नहीं है।