राष्ट्रीय

‘लोहागढ़ फोर्ट में घटना के समय मौजूद लोग सामने आए’, केतन की मौत के बाद पिता ने की भावुक अपील

Ketan Murder Case: पुणे के लोहागढ़ फोर्ट हत्या मामले में केतन अग्रवाल के पिता ने कैंडल मार्च के दौरान भावुक अपील करते हुए घटना के समय मौजूद लोगों से सामने आने को कहा। उन्होंने कहा कि केतन को इंसाफ दिलाने में गवाहों की मदद जांच को मजबूत बना सकती है।
2 min read
• •
Jun 29, 2026
Ketan Agarwal Murder Case, Siya Goyal, Siya Goyal Father, Chetan Chaudhary, Pune Murder Case, Ketan Agarwal, Pune Police,
केतन अग्रवाल और सिया गोयल।

Ketan Murder Case: पूणे का चर्चित लोहागढ़ फोर्ट हत्या मामला अब और अधिक संवेदनशील होता जा रहा है। 25 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत के बाद परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है। इसी बीच शनिवार को आयोजित कैंडल मार्च के दौरान केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने भावुक अपील करते हुए उन लोगों से सामने आने को कहा, जो 18 जून को लोहागढ़ फोर्ट पर मौजूद थे। परिवार का कहना है कि कई लोगों ने घटना से पहले और बाद की गतिविधियां देखी थी, लेकिन अब तक उन्होंने पुलिस से संपर्क नहीं किया है।

लोगों को नहीं होगी कोई तकलीफ- विशाल अग्रवाल

कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए। बेलमोंडो सोसायटी में आयोजित इस मार्च के दौरान विशाल अग्रवाल ने कहा कि कुछ लोग मैसेज कर बता रहे हैं कि वे उस दिन फोर्ट पर मौजूद थे, लेकिन पुलिस के सामने आने से बच रहे हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सच बताने वालों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि परिवार केवल अपने बेटे के लिए न्याय चाहता है और गवाहों की मदद जांच को मजबूत बना सकती है।

हत्या मामले में जांच तेज

पुणे पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि दोनों ने लोहागढ़ फोर्ट पर केतन को चट्टान से धक्का देकर मार डाला। पुलिस का दावा है कि सिया नवंबर में तय शादी नहीं करना चाहती थी और इसी कारण हत्या की योजना बनाई गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सिया के माता-पिता से भी की गई पूछताछ

जांच के तहत शनिवार को सिया गोयल के माता-पिता प्रवीण गोयल और पूजा गोयल से कई घंटों तक पूछताछ की गई। इससे पहले उसके भाई साहिल गोयल से भी लंबी पूछताछ हो चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सिया की मां ने यह आरोप खारिज किया कि परिवार ने बेटी पर शादी का दबाव बनाया था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि शादी तय कराने में किन-किन लोगों की भूमिका थी।

परिवार ने मांगी सख्त सजा

कैंडल मार्च के दौरान केतन के दादा देवीचंद अग्रवाल भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि परिवार को अपने ही लोगों ने धोखा दिया है। उन्होंने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की और कहा कि मामले से जुड़े हर व्यक्ति की जांच होनी चाहिए। केतन की मां ने भी न्याय की मांग दोहराई और कहा कि बेटे को खोने का दर्द कभी खत्म नहीं होगा।

चेतन चौधरी का मोबाइल जब्त

इसी बीच पुलिस ने चेतन चौधरी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि डिलीट किए गए चैट और डिजिटल सबूतों की जांच हो सके। पुलिस अधिकारी गजानन टोंपे ने बताया कि जांच में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले सिया और चेतन एक दूसरे को इशारे किए थे। परिवार ने कहा कि वे न्याय मिलने तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

Updated on:
29 Jun 2026 11:53 am
Published on:
29 Jun 2026 11:36 am