NEET paper leak: NEET पेपर लीक विवाद पर Kanhaiya Kumar ने NTA और सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने PM मोदी और शिक्षा मंत्री से जवाब मांगते हुए एजेंसी की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा।
Kanhaiya Kumar Statement-NEET: नीट परीक्षा रद्द को लेकर देशभर में जारी विवाद अब राजनीतिक रंग भी पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एजेंसी और सरकार इस पूरे मामले में जिम्मेदारी लेने से बच रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर परीक्षा के कई सवाल पहले ही बाहर आ जाएं तो उसे पेपर लीक क्यों नहीं माना जा रहा। कन्हैया कुमार ने NTA की कार्यप्रणाली और सरकार की चुप्पी दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी परीक्षाएं कराने वाली एजेंसी लगातार विवादों में घिरी हुई है, लेकिन इसके बावजूद कोई जवाबदेही तय नहीं की जा रही।
कन्हैया कुमार ने कहा कि 'उनके अनुसार, पेपर लीक का मतलब ही क्या है? उनकी राय में, पेपर लीक तभी माना जाता है जब कोई प्रश्न पत्र किसी अखबार में छप जाए। NTA प्रमुख को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। उनके BJP और RSS के साथ राजनीतिक संबंध हैं। NTA को इस देश की हर महत्वपूर्ण परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, फिर भी वे एक भी परीक्षा ठीक से आयोजित करने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि 'सरकार हर परीक्षा से पहले परीक्षा पे चर्चा करती है लेकिन जब पेपर लीक होता है तो सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं आता।'
कांग्रेस नेता ने कहा कि इस मामले में सिर्फ सफाई देने से काम नहीं चलेगा। जिम्मेदार लोगों को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बहाने बनाने के बजाय, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। NTA और शिक्षा मंत्री को इन सवालों के जवाब देने चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी को भी जवाब देना चाहिए। हर परीक्षा से पहले आप ‘परीक्षा पे चर्चा’ करते हैं, लेकिन जब भी पेपर लीक होता है, तो रील और कैंपेन अचानक शांत हो जाते हैं। सरकार को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए और कार्रवाई की जानी चाहिए।' उन्होंने यह भी पूछा कि जब बड़ी संख्या में सवाल बाहर आ गए थे तो उसे पेपर लीक क्यों नहीं माना जा रहा।
सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने भी NEET पेपर लीक मामले की सुनवाई के दौरान टिप्पणी की थी कि 'यह दुखद है कि पिछली घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया गया। अदालत ने NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए परीक्षा प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई। इससे पहले 22 मई को NTA ने संसदीय समिति को बताया था कि NEET-UG परीक्षा में 'पूरा पेपर लीक' नहीं हुआ था। एजेंसी का कहना था कि केवल कुछ सवाल बाहर आए थे और इसे पूर्ण पेपर लीक नहीं कहा जा सकता।
NEET-UG परीक्षा को लेकर विवाद उस समय बढ़ा जब आरोप लगे कि परीक्षा से पहले एक गेस पेपर वायरल हुआ था, जिसके कई सवाल असली परीक्षा से मेल खाते थे। इसके बाद छात्रों और अभिभावकों ने देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए CBI जांच शुरू की गई और संसद की समिति ने भी इस पर समीक्षा की। बढ़ते विवाद के बीच NTA ने बाद में घोषणा की कि NEET-UG की दोबारा परीक्षा 21 जून को कराई जाएगी।