
Poonch Search Operation: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरंग (टनल) निर्माण स्थल के पास संदिग्ध गतिविधि देखे जाने के बाद सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट हो गए हैं। मेंढर सेक्टर में टनल के पास हलचल की खबर मिलते ही सुरक्षाबलों ने मंगलवार सुबह से ही पूरे इलाके में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह टनल निर्माण स्थल पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने आसपास कुछ संदिग्ध हलचल महसूस की। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए गार्ड ने एहतियात के तौर पर 3 से 4 राउंड फायरिंग की। इस घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन इसके तुरंत बाद इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।
सुबह लगभग 6 बजे से ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और CRPF के जवानों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया। भाटा दुरियन, संगीओट और इनसे सटे घने जंगली इलाकों में सघन घेराबंदी की गई है। इसके अलावा सुरनकोट और मनकोट क्षेत्र में भी सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि फिलहाल सुरक्षाबलों और संदिग्धों के बीच किसी तरह की मुठभेड़ या गोलीबारी नहीं हुई है।
राजौरी जिले के सीमावर्ती इलाकों और नौशेरा के पास भी सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया गया है। खुफिया इनपुट और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा संदिग्धों की मौजूदगी की आशंका जताए जाने के बाद राष्ट्रीय राइफल्स, SOG और सीआरपीएफ की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और घने जंगलों की छानबीन के लिए स्निफर डॉग्स और हाई-टेक ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है।
सीमावर्ती जिलों पुंछ और राजौरी में LoC के आसपास पहले भी इस तरह के अलर्ट के बाद बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाए जाते रहे हैं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बलों ने पीर पंजाल के पूरे इलाके में खुफिया आधारित अभियानों की गति बढ़ा दी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या घुसपैठ की कोशिश को समय रहते नाकाम किया जा सकें।
वहीं दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर के सांबा और कठुआ जिलों में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हेरोइन बरामद की है। इस मामले में एक 17 साल के नाबालिग समेत तीन संदिग्ध तस्करों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात सांबा के बारी ब्राह्मणा इलाके में मोटरसाइकिल सवार नाबालिग को रोककर तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 3.36 ग्राम हेरोइन मिली। इसके बाद पुलिस ने बाकी संदिग्धों को पकड़कर आगे की जांच शुरू कर दी है।