राष्ट्रीय

बांकीपुर में BJP प्रत्याशी बदलने पर बोले प्रशांत किशोर- इनका उम्मीदवार मैदान छोड़कर भागा

BJP Candidate Change: बांकीपुर में BJP के उम्मीदवार बदलने पर प्रशांत किशोर ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोई भी सीट किसी की जागीर नहीं होती और जनता के सामने विकल्प आने पर हालात बदल जाते हैं।
2 min read
Jul 10, 2026
Prashant Kishor
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (IANS Photo)

Bankipur By Election: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी द्वारा उम्मीदवार बदले जाने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। अभिषेक कुमार सिन्हा के नामांकन वापस लेने के बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। इस फैसले पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कोई भी विधानसभा या लोकसभा सीट किसी की निजी जागीर नहीं होती। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जनता के सामने विकल्प आने के बाद बीजेपी को उम्मीदवार बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कोई भी विधानसभा क्षेत्र किसी का निजी जागीर नहीं है

मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि इससे यह साबित होता है कि कोई भी विधानसभा या लोकसभा क्षेत्र किसी का गढ़ या निजी जागीर नहीं है। अगर जनता उठ खड़ी हो जाए, तो बड़े से बड़े नेता भी पसीना बहाने पर मजबूर हो सकते हैं। बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र की बात करें, जहां हाल तक भाजपा सदस्य यह दावा करते थे कि उनका किला इतना मजबूत है।

उन्होंने कहा कि अगर वे कुत्ते या बिल्ली को भी मैदान में उतार दें, तो जनता उन्हें ही वोट देगी, तो स्थिति बदल गई है। अब जब जनता के पास एक विकल्प है, तो भाजपा उम्मीदवार खोजने के लिए प्रयास कर रही है।

'ऊपर वाले ने इनके साथ इंसाफ किया है'

प्रशांत किशोर ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरी बात इस देश ने पिछले कुछ सालों में देखा है कि बीजेपी के डर से दूसरी पार्टियों के उम्मीदवार भागते हैं, ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स इनके डर से दूसरी पार्टियों के उम्मीदवार ये लोग खरीदते हैं। आज ऊपर वाले ने इनके साथ में इंसाफ किया है कि इनका उम्मीदवार किसी कारणवश मैदान छोड़कर भागा है। अब उनको चिंता करने दीजिए।

सम्राट चौधरी पर भी साधा निशाना

बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने बिहार की राजनीति और मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, भाजपा को यह भी एहसास हो गया है कि जनता जरूरी नहीं कि पार्टी के ही खिलाफ हो। यहां तक कि उनके अपने समर्थक, कार्यकर्ता और नेता, जिन्होंने उन्हें वोट दिया है, भी स्पष्ट राय रखते हैं, सम्राट चौधरी जैसे व्यक्ति को, उनके आचरण, चरित्र और सार्वजनिक छवि को देखते हुए, बिहार का मुख्यमंत्री यूं ही नहीं थोपा जा सकता।

आप किसी भी समुदाय से मुख्यमंत्री नियुक्त करने के लिए स्वतंत्र हैं। यह कोई नियम नहीं है। उन्होंने आगे कहा, समस्या यह है कि सक्षम और योग्य व्यक्ति का चयन किया जाए। ऐसे व्यक्ति को चुनें जो ईमानदार और शिक्षित हो ताकि बिहार प्रगति कर सके।

बीजेपी ने बदला उम्मीदवार

बांकीपुर विधानसभा सीट से बीजेपी ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने नामांकन भी दाखिल कर दिया था, लेकिन बाद में नाम वापस ले लिया। इसके बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को नया प्रत्याशी घोषित किया।

Updated on:
10 Jul 2026 10:13 pm
Published on:
10 Jul 2026 10:13 pm