10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Indian Railways: आज से बदल गए ट्रेन टिकट बुकिंग के नियम, अब 60 दिन पहले ही करा सकेंगे रिजर्वेशन

IRCTC Ticket Booking: भारतीय रेलवे ने एडवांस टिकट बुकिंग का नियम बदल दिया है। अब यात्री 120 की जगह सिर्फ 60 दिन पहले टिकट बुक कर सकेंगे। 31 अक्टूबर तक पहले से बुक टिकट मान्य रहेंगे।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Ankit Sai

Jul 10, 2026

Railway

भारतीय रेलवे ने एडवांस टिकट बुकिंग का नियम बदल दिया

Train Ticket Booking Rules: भारतीय रेलवे ने आज से एडवांस टिकट बुकिंग के नियम बदल दिए हैं। अब यात्री यात्रा की तारीख से सिर्फ 60 दिन पहले ही रिजर्वेशन करा सकेंगे, जबकि पहले यह सुविधा 120 दिन पहले तक मिलती थी। रेलवे का कहना है कि इस बदलाव से टिकटों की जमाखोरी पर रोक लगेगी और ज्यादा यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में मदद मिलेगी। हालांकि, 31 अक्टूबर तक पहले से बुक किए गए टिकटों पर नए नियम का कोई असर नहीं होगा।

पहले से बुक टिकट पर नहीं पड़ेगा असर

रेल मंत्रालय ने साफ किया है कि 31 अक्टूबर 2026 तक की जिन यात्राओं के लिए पहले ही टिकट बुक हो चुके हैं, उन पर नए नियम का कोई असर नहीं पड़ेगा। जिन यात्रियों ने पुराने नियम के तहत पहले से टिकट बुक कराया है, उनकी यात्रा पहले की तरह ही जारी रहेगी। उन्हें दोबारा टिकट बुक कराने या किसी तरह का बदलाव करने की जरूरत नहीं है।

क्यों बदला गया नियम

रेल मंत्रालय के अनुसार, लंबे समय तक एडवांस बुकिंग की सुविधा का फायदा उठाकर कई सीटें पहले ही बुक कर ली जाती थीं। बाद में इनमें से बड़ी संख्या में टिकट रद्द भी हो जाते थे। इससे दूसरे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी होती थी।रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, यात्रा से 61 से 120 दिन पहले कराए गए करीब 21 फीसदी टिकट बाद में रद्द हो जाते थे। इसी वजह से एडवांस रिजर्वेशन की अवधि घटाने का फैसला लिया गया है।

इन ट्रेनों में नहीं बदले नियम

रेलवे ने बताया कि कुछ ट्रेनों में पहले से लागू एडवांस बुकिंग की समय सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ताज एक्सप्रेस और गोमती एक्सप्रेस जैसी कुछ दिन में चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनें पहले की तरह ही अपनी मौजूदा एडवांस बुकिंग व्यवस्था पर चलती रहेंगी।

यात्रियों को क्या होगा फायदा

रेलवे का मानना है कि नई व्यवस्था से टिकटों की जमाखोरी पर रोक लगेगी। कई लोग पहले से बड़ी संख्या में टिकट बुक कर लेते थे और बाद में उन्हें रद्द कर देते थे। अब बुकिंग की अवधि कम होने से सीटें लंबे समय तक ब्लॉक नहीं रहेंगी और जरूरतमंद यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। रेल मंत्रालय का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना और आम यात्रियों को सुविधा देना है।

विदेशी पर्यटकों के लिए पुरानी व्यवस्था जारी

रेल मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि विदेशी पर्यटकों के लिए एडवांस टिकट बुकिंग का नियम नहीं बदला है। विदेशी पर्यटक पहले की तरह 365 दिन पहले तक ट्रेन टिकट बुक करा सकेंगे। सामान्य यात्री यात्रा की तारीख से अधिकतम 60 दिन पहले ही टिकट बुक कर सकेंगे। हालांकि, पहले से बुक टिकट सुरक्षित रहेंगे और कुछ विशेष ट्रेनों व विदेशी पर्यटकों के लिए पुरानी व्यवस्था जारी रहेगी।