ED Raid: पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा को 100 करोड़ रुपये के कथित GST घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने गिरफ्तार किया। गुरुग्राम कोर्ट ने उन्हें 7 दिन की रिमांड पर भेज दिया।
Money Laundering Case: पंजाब के विद्युत, उद्योग, निवेश प्रोत्साहन और स्थानीय सरकार मंत्री संजीव अरोड़ा की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। गुरुग्राम की सेशन कोर्ट ने शनिवार को उन्हें 7 दिन की ED रिमांड पर भेज दिया। ED ने उन्हें करीब 100 करोड़ रुपये के कथित GST फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने कोर्ट से 10 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने 7 दिन की हिरासत मंजूर की।
यह मामला फर्जी GST लेनदेन और इनपुट टैक्स क्रेडिट ITC के गलत इस्तेमाल से जुड़ा हुआ है। ED का आरोप है कि संजीव अरोड़ा की कंपनी ने दिल्ली की गैर-मौजूद कंपनियों के जरिए मोबाइल फोन खरीद के फर्जी बिल तैयार किए। इन बिलों की कीमत 100 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। एजेंसी का कहना है कि इन दस्तावेजों के जरिए गलत तरीके से GST रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक का फायदा लिया गया।
शनिवार सुबह ED की टीमों ने एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक कुल पांच ठिकानों पर कार्रवाई हुई। इनमें से चार लोकेशन सीधे तौर पर संजीव अरोड़ा और उनकी कंपनियों से जुड़ी थीं, जबकि एक ऑफिस हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड (Hampton Sky Realty Limited) का था, जो इस मामले में जांच एजेंसी के रडार पर है। यह पूरी कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत की गई। दिनभर चली तलाशी के बाद ED ने संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया और फिर कोर्ट में पेश किया।
जांच एजेंसी ने दावा किया है की मोबाइल फोन एक्सपोर्ट कारोबार के नाम पर बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा किया गया। ED के मुताबिक कागजों में दिखाए गए कई सप्लायर असल में मौजूद ही नहीं थे। इन कथित फर्जी कंपनियों के जरिए खरीद और एक्सपोर्ट का रिकॉर्ड तैयार किया गया ताकि टैक्स लाभ हासिल किया जा सके। हालांकि हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड ने इन आरोपों से खुद को अलग बताया है।
कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि उसे न्यायपालिका और कानूनी प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है। कंपनी ने कहा कि उसने साल 2023 में केंद्र सरकार की Make in India पहल और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (Production Linked Incentive)-(PLI) स्कीम के तहत मोबाइल फोन एक्सपोर्ट कारोबार शुरू किया था। कंपनी का कहना है कि UAE भारतीय मोबाइल एक्सपोर्ट का बड़ा बाजार है और उसका कारोबार पूरी तरह वैध था। कंपनी ने अपने बयान में खुद को GST धोखाधड़ी का शिकार बताया।
संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से जोड़कर देखा है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र की BJP सरकार केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। हालांकि ED की तरफ से फिलहाल मामले को लेकर जांच जारी रखने की बात कही गई है। एजेंसी इस मामल में पैसों के लेनदेन, कंपनियों के दस्तावेज और कथित फर्जी GST नेटवर्क की जांच करेगी। वहीं राजनीतिक हलकों में भी इस मामले को लेकर हलचल तेज हो गई है।