राष्ट्रीय

Raghav Chadha ने की प्रधानमंत्री की तारीफ, कहा- ‘नेहरू का दौर अलग था, मोदी ने ज्यादा चुनौतीपूर्ण लोकतंत्र में जीते चुनाव’

Raghav Chadha News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4,399 दिन पूरे कर जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ने पर बीजेपी सांसद राघव चड्ढा ने पीएम की जमकर तारीफ की है। जानें क्या कुछ कहा है?

2 min read
Jun 10, 2026
Raghav Chadha on PM Modi
Raghav Chadha on PM Modi: राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4,399 दिन पूरे होने पर जमकर तारीफ की है। (फोटो सोर्स - आईएएनएस)

Raghav Chadha on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून को एक नया राजनीतिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। लगातार 4,399 दिन तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में पद पर बने रहकर उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इस मौके पर हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर सराहना की और उनकी तुलना जवाहरलाल नेहरू से की।

राघव चड्ढा ने कहा कि मोदी को ऐसे दौर में लगातार तीन बार जनता का जनादेश मिला है, जब भारतीय राजनीति पहले से कहीं ज्यादा प्रतिस्पर्धी और चुनौतीपूर्ण हो चुकी है। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र में एक असाधारण उपलब्धि बताया है।

मोदी और नेहरू की तुलना में क्या बोले राघव चड्ढा?

राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि जवाहरलाल नेहरू ने देश के शुरुआती सालों में नेतृत्व किया था, जब कांग्रेस का राजनीतिक दबदबा था और विपक्ष अपेक्षाकृत कमजोर तथा बिखरा हुआ था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसे दौर में जनादेश हासिल किया है, जहां गठबंधन राजनीति, मजबूत क्षेत्रीय दल और बहुदलीय प्रतिस्पर्धा राजनीति का अहम हिस्सा बन चुके हैं। चड्ढा के अनुसार, आज के राजनीतिक माहौल में लगातार चुनाव जीतना पहले की तुलना में अधिक कठिन चुनौती है।

तीन बार जनता का भरोसा जीतना असाधारण

राघव चड्ढा ने कहा कि 2014, 2019 और 2024 में मोदी को लगातार तीन बार जनता का समर्थन मिला। उनके मुताबिक किसी एक बार इतने बड़े और विविधतापूर्ण देश का भरोसा जीतना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन लगातार तीन चुनावों में जनता का विश्वास हासिल करना असाधारण है।

उन्होंने कहा कि हर चुनावी जीत जनता द्वारा नेतृत्व पर दोबारा जताया गया विश्वास है और यही प्रधानमंत्री मोदी की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत है।

1984 के बाद पहली बार मिला था पूर्ण बहुमत

चड्ढा ने अपने बयान में यह भी उल्लेख किया कि बीजेपी ने 2014 और 2019 में अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया था। उनके अनुसार 1984 के बाद यह पहली बार था जब किसी एक पार्टी को लोकसभा में स्पष्ट बहुमत मिला। वहीं 2024 में भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने सरकार बनाने में सफलता हासिल की।

उन्होंने कहा कि इतने बड़े और विविध लोकतंत्र में लगातार जनता का समर्थन बनाए रखना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

हाल ही में BJP में हुए हैं शामिल

राघव चड्ढा का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उन्होंने हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थामा है। अप्रैल में वह आम आदमी पार्टी के छह अन्य सांसदों के साथ बीजेपी में शामिल हुए थे।

पार्टी बदलने के समय उन्होंने AAP में भ्रष्टाचार और आंतरिक कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए थे। हालांकि आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए राज्यसभा सभापति के समक्ष इस मामले को चुनौती दी थी।

नेहरू का रिकॉर्ड तोड़कर बनाया नया इतिहास

नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2019 और 2024 में भी वह लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। 10 जून 2026 को उन्होंने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिन पूरे कर लिए जो जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड से एक दिन अधिक है।

Updated on:
10 Jun 2026 06:00 pm
Published on:
10 Jun 2026 04:51 pm