
Rahul Gandhi on Uttam Nagar Case: देश की राजधानी दिल्ली का उत्तम नगर इलाका इन दिनों तनाव और सियासी बयानबाजी के केंद्र में है। होली के दौरान शुरू हुआ एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। इस घटना ने जहां इलाके का माहौल संवेदनशील बना दिया है, वहीं अब इस पर राजनीति भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस पूरे मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 4 मार्च को होली के दौरान एक गुब्बारे को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई थी। धीरे-धीरे यह विवाद बढ़ता गया और हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान तरुण नाम के युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और स्थिति को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को सतर्क रहना पड़ा।
इस घटना को लेकर राहुल गांधी ने X (पहले ट्विटर) पर एक लंबा पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने भाजपा और उसके 'इकोसिस्टम' पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा,
“उत्तम नगर के लोगों ने हिंसा की भारी कीमत चुकाई है - एक तरफ एक जवान लड़के, तरुण, की जान चली गई, दूसरी तरफ एक पूरा परिवार उत्पीड़न का सामना कर रहा है।
उन्हें और खून-खराबा नहीं चाहिए।
खून-खराबा केवल BJP और उसका इकोसिस्टम चाहता है, जो नफ़रत के तवे पर हिंसा की रोटी सेंकने के हर मौके का फायदा उठाता है।
वो चाहते हैं कि देश हिंदू-मुसलमान में उलझा रहे, ताकि लोग यह न पूछ सकें कि आखिर प्रधानमंत्री देश की रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और सामरिक संप्रभुता को अमेरिका के हवाले करने पर क्यों मजबूर हैं - इसीलिए, दिन-दहाड़े देश की राजधानी में फिर से दंगों जैसे हालात खड़े किए जा रहे हैं।
दिल्लीवासियों से अनुरोध है किसी बहकावे में न आएं - देश की शक्ति हमारी एकता, भाईचारे और मोहब्बत में है।
जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो।”
राहुल गांधी ने अपने संदेश में खास तौर पर दिल्ली के लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह के उकसावे में न आएं। उन्होंने कहा कि देश की ताकत उसकी एकता, भाईचारे और आपसी प्यार में है, और इसे बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस बीच, इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में दो याचिकाएं दायर की गई हैं। इन याचिकाओं में ईद से पहले उत्तम नगर में पर्याप्त पुलिस सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि संभावित हिंसा को रोकने के लिए पहले ही कदम उठाए जाने चाहिए।
फिलहाल उत्तम नगर में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं ताकि किसी भी तरह की नई घटना को रोका जा सके। इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या छोटे विवादों को समय रहते संभालकर बड़ी घटनाओं में बदलने से रोका जा सकता है।