
Indian Tourists Return: वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए दर्दनाक स्पीडबोट हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के शव सोमवार को भारत लाए गए। सभी शव वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN979 से मुंबई पहुंचे, जहां से उन्हें उनके घर भेजा जाएगा। हादसे में बचाए गए 16 भारतीय पहले ही स्वदेश लौट चुके हैं, जबकि एक घायल अब भी वियतनाम के अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस बीच वियतनाम ने हादसे के कारणों की जांच भी तेज कर दी है।
भारत में वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि शवों को उनके घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल सरकारें संभालेंगी। जानकारी के अनुसार, मृतकों में 10 तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के रहने वाले थे।
दूतावास के मुताबिक, घायल भारतीय का रविवार शाम सफल मेडिकल प्रोसीजर किया गया। इसके बाद उसे फु क्वोक से हो ची मिन्ह सिटी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके परिवार के सदस्य भी हो ची मिन्ह सिटी पहुंच चुके हैं। घायल व्यक्ति की हालत अभी भी गंभीर है। उसके फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। शरीर पर कई चोटें हैं और दिमाग में भी रक्तस्राव हुआ है।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि फु क्वोक विशेष आर्थिक क्षेत्र, एन जियांग प्रांत, हो ची मिन्ह सिटी के विदेश विभाग, वियतनाम के विदेश मंत्रालय और अन्य सभी एजेंसियों ने हादसे के बाद हर संभव मदद की। दूतावास ने वियतनाम के लोगों की ओर से मिले शोक संदेशों और प्रार्थनाओं के लिए भी आभार जताया। उसने कहा कि कठिन समय में लोगों का साथ पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी ताकत बना।
यह हादसा शुक्रवार को फु क्वोक द्वीप के पास होन मे रुट न्गोआई क्षेत्र में हुआ था। स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक और चार वियतनामी चालक दल के सदस्य सवार थे। अचानक नाव पलट गई, जिसमें 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि बाकी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।