राष्ट्रीय

ममता के पड़ोसी बनेंगे सुवेंदु अधिकारी, दीदी के घर से सिर्फ 2 किलोमीटर दूर है नया पता

Suvendu Adhikari Residence: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी जल्द ही चिनार पार्क स्थित फ्लैट छोड़कर अलीपुर के सौजन्य कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट हो सकते हैं। बढ़ती सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए पीडब्ल्यूडी और पुलिस प्रशासन इस वीवीआईपी परिसर को अस्थायी मुख्यमंत्री आवास बनाने पर विचार कर रहे हैं।
less than 1 minute read
May 11, 2026
Suvendu Adhikari
दीदी के पड़ोसी बनेंगे सुवेंदु अधिकारी (Patrika Graphic)

Suvendu Adhikari Soujanya Complex: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अपने चिनार पार्क स्थित फ्लैट से अलीपुर के सौजन्य कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट हो सकते हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इस प्रस्ताव पर सक्रिय रूप से विचार कर रहा है कि सौजन्य कॉम्प्लेक्स को मुख्यमंत्री का अस्थायी आवास बनाया जाए।

सौजन्य कॉम्प्लेक्स का लिया जा रहा जायजा

सूत्रों के अनुसार, संयुक्त पुलिस आयुक्त रुपेश कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम ने रविवार को सौजन्य कॉम्प्लेक्स का दौरा किया और वहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। हालांकि अंतिम फैसला अभी लंबित है।

सौजन्य कॉम्प्लेक्स की खासियत

यह कॉम्प्लेक्स 18 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित भव्य इमारत है। यह खासतौर पर मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी के लिए बनाई गई थी। वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा इसका उद्घाटन किया गया था, लेकिन इसके बाद से यह लगभग अनुपयोगी पड़ी रही है।

ममता दीदी के आवास से 2 किलोमीटर दूर सौजन्य कॉम्प्लेक्स

सौजन्य कॉम्प्लेक्स भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थित है, जहां सुवेंदु अधिकारी ने 2026 के चुनाव में ममता बनर्जी को हराकर जीत हासिल की थी। यह ममता बनर्जी के कालीघाट आवास से महज 2 किलोमीटर से भी कम दूरी पर है। मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव और डीजीपी के आवास भी इसी परिसर के करीब 1 किलोमीटर दायरे में हैं।

पूर्वी मिदनापुर में है पैतृक घर

मुख्यमंत्री अधिकारी का पैतृक घर शांतिकुंज पूर्वी मिदनापुर के कांथी में है, जहां उनके माता-पिता और परिवार रहते हैं। उन्होंने हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि आम लोगों को कोई असुविधा न हो, इसलिए उनके आवास के आसपास बैरिकेडिंग नहीं लगाई जाए। चिनार पार्क फ्लैट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन बढ़ती सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए अधिक केंद्रीकृत और सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट होने पर विचार किया जा रहा है।

Published on:
11 May 2026 01:00 pm