
CEC Gyanesh Kumar: ज्ञानेश कुमार (फोटो सोर्स: ANI)
नई दिल्ली में बुधवार को हुई INDIA गठबंधन की बैठक के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बैठक में विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की।
बैठक के बाद राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल से जब इस्तीफे को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा- यहां कौन इस्तीफा देता है? लेकिन उन्हें इस्तीफा देना होगा।
सिब्बल का यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है। कांग्रेस की ओर से पहले ही मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की जा चुकी है।
INDIA गठबंधन की बैठक का मुख्य मुद्दा चुनाव आयोग और SIR को लेकर विपक्ष की आगे की रणनीति रहा। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी समेत कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। तृणमूल कांग्रेस, वाम दलों, आरजेडी, एनसीपी और दूसरे विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। कपिल सिब्बल को भी बैठक में आमंत्रित किया गया था। वे राज्यसभा सांसद भी हैं।
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में एक दिन पहले ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग उठाई गई थी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी कांग्रेस की ओर से की गई थी। अब INDIA गठबंधन की बैठक में विपक्ष ने इस मुद्दे को आगे ले जाने के लिए साझा रणनीति पर चर्चा की।
INDIA गठबंधन की बैठक में केवल संसद के भीतर मुद्दा उठाने की रणनीति पर ही चर्चा नहीं हुई। विपक्ष देशभर में आंदोलन और सार्वजनिक प्रदर्शन की तैयारी भी कर रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक दिल्ली के रामलीला मैदान से आंदोलन शुरू करने और उसके बाद अलग-अलग राज्यों में रैलियां आयोजित करने की योजना पर भी चर्चा हुई है।
विपक्षी दलों की कोशिश है कि चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे को संसद के साथ-साथ सड़क पर भी उठाया जाए। इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए संसद में प्रस्ताव लाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई है।
एसआईआर के तहत मतदाता सूचियों की समीक्षा की जा रही है। विपक्षी दलों का दावा है कि इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं और इससे वास्तविक मतदाताओं को परेशानी हो सकती है। कांग्रेस ने मतदाता सूची में हटाए गए नामों को बहाल करने और SIR की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग भी उठाई है।
Updated on:
30 Sept 2026 04:03 pm
Published on:
30 Sept 2026 04:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
