CM Pushkar Singh Dhami on Bengal Election: पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 को लेकर उत्तराखंड CM पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा दावा किया है। एग्जिट पोल के बीच उन्होंने जमीन पर बदलाव का माहौल बताया है, जानें क्या कुछ कहा है?
West Bengal Exit Poll 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दावा किया है कि राज्य में इस बार बदलाव की लहर है और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की डबल इंजन सरकार बनने जा रही है। धामी ने एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सर्वे अपने स्थान पर हैं लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और संकेत दे रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने खुद बंगाल में लोगों के बीच गुस्सा और बदलाव की इच्छा महसूस की है। उन्होंने कहा एग्जिट पोल ठीक हैं, लेकिन जब मैं वहां गया तो लोगों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार के खिलाफ नाराजगी देखी। बदलाव की लहर साफ नजर आ रही थी। मुझे पूरा विश्वास है कि बंगाल में इस बार डबल इंजन सरकार बनेगी।
धामी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि लंबे समय से सत्ता में रहने के कारण जनता अब बदलाव चाहती है। उनके मुताबिक, लोगों का गुस्सा चुनाव परिणामों में दिखाई दे सकता है।
पश्चिम बंगाल में मतदान के बाद आए कई एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है।
इन अलग-अलग अनुमानों के चलते राज्य की राजनीति को लेकर असमंजस बना हुआ है।
इस बार पश्चिम बंगाल में मतदान का प्रतिशत काफी ज्यादा रहा। दूसरे चरण में करीब 92% से अधिक वोटिंग दर्ज की गई जो अब तक के सबसे ऊंचे आंकड़ों में से एक है। विशेषज्ञों का मानना है कि ज्यादा मतदान का असर नतीजों पर अहम हो सकता है।
असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में हुए चुनावों के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं, लेकिन अंतिम फैसला मतगणना के बाद ही साफ होगा।