नई दिल्ली

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़क पर उतरे राहुल-प्रियंका, पीएम आवास की ओर मार्च से दिल्ली में सियासी हलचल तेज

Rahul Gandhi News,:छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पीएम आवास की ओर पैदल मार्च किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई और पीएम आवास के बाहर धरना भी दिया गया।
2 min read
Congress Protest
धरनास्थल पर राहुल गांधी। (फोटो- X/Congress)

Congress March Delhi: राजधानी दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर मंगलवार को राजनीति भी पूरी तरह गरमा गई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर उतरे और प्रधानमंत्री आवास की ओर पैदल मार्च किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने छात्रों के साथ हुई कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मार्च के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग की थी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और बल प्रयोग के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

कांग्रेस नेताओं का कहना था कि अपनी बात रखने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है। उनका आरोप है कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। पार्टी ने सरकार से इस पूरे घटनाक्रम पर जवाब देने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मार्च के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना भी दिया। इस दौरान केंद्र सरकार की शिक्षा नीति और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए गए। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय सरकार को समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

उधर, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ और सुरक्षा कारणों से कुछ मार्गों पर आवाजाही सीमित कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने हालात पर लगातार नजर बनाए रखी ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।

गौरतल​ब है कि राजधानी में छात्रों के आंदोलन और उस पर सियासी प्रतिक्रियाओं के बीच माहौल लगातार गर्म बना हुआ है। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है, जबकि आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल दिल्ली की राजनीति का केंद्र छात्रों का आंदोलन और उससे जुड़ा विवाद बना हुआ है।

Updated on:
21 Jul 2026 04:51 pm
Published on:
21 Jul 2026 03:58 pm