नई दिल्ली

दिल्ली में सूर्या हत्याकांड जैसा मामला: सिलाई फैक्ट्री में मामूली कहासुनी के बाद अरबाज ने कृष्ण को कैंची से गोदा

Delhi Crime News: दिल्ली के गांधी नगर में एक कपड़ा फैक्टरी के अंदर शराब के नशे में विवाद इस कदर बढ़ा कि एक युवक ने अपने ही साथी कृष्ण कुमार पर कैंची से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी अरबाज को महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

3 min read
Jun 09, 2026
cloth factory dispute
PHOTO PATRIKA

Delhi Factory Crime: दिल्ली से एक और सनसनीखेज मर्डर का मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले ही हुए गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड के खौफ से उबरे भी नहीं थे और फिर से राजधानी दिल्ली के गांधी नगर से इसी तरह का एक और मामला सामने आ गया। जहां एक कपड़ा सिलाई फैक्टरी में साथ काम करने वाले दो युवक के बीच हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जहां अरबाज नाम के युवक ने अपने साथी कर्मचारी कृष्ण कुमार की कैंची से गोदकर हत्या कर दी। गुस्साए अरबाज ने बिना सोचे-समझे पास रखी कैंची उठाई और उससे अपने ही साथी पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। जानकारी के मुताबिक, अरबाज नशे की हालत में था पुराने क्रिमिनल रिकॉर्ड में भी आरोपी किशोरावस्था में हत्या की कोशिश के एक मामले में शामिल रहा है। हालांकि गांधी नगर थाना पुलिस ने चुस्ती दिखाते हुए मामला दर्ज होने के महज 8 घंटे के अंदर आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सनी कैंची और वारदात के वक्त पहने हुए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस को मामले की जानकारी देने से किया इनकार

बता दें कि घटना 4 जून की रात की है। 5 जून को दिल्ली के एक अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली की कृष्ण कुमार नाम
के शख्स को किसी धारदार हथियार से घायल कर भर्ती कराया गया है। पुलिस जब अस्पताल पहुंची, तो घायल कृष्ण ने घटना के बारे में कुछ भी बताने से मना कर दिया। यही नहीं, युवक पुलिस को बिना बताए अस्पताल से चला गया और कोई भी कानूनी कार्रवाई करने से भी इनकार कर दिया।

अगले दिन इलाज के दौरान हुई मौत

घायल कृष्ण की हालत अंदरूनी तौर पर बिगड़ती चली गई। अगले दिन यानी 6 जून को जीटीबी अस्पताल से पुलिस को खबर मिली कि इलाज के दौरान कृष्ण कुमार की मौत हो गई है। मौत की खबर मिलते ही गांधी नगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच की रफ्तार बढ़ा दी। जांच में सामने आया कि कृष्ण रघुवरपुरा-सेकेंड की एक गारमेंट फैक्टरी में काम करता था।

पुलिस पूछताछ में हुए कई खुलासे

जब पुलिस ने फैक्टरी के मालिक और वहां काम करने वाले दूसरे कर्मचारियों से पूछताछ की, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि 4 जून की रात को फैक्टरी में कुछ कर्मचारी बैठकर शराब पी रहे थे। तभी उनके बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अरबाज नाम के युवक ने पहले टाइगर नाम के एक कर्मचारी पर हमला किया और फिर पास रखी कैंची उठाकर कृष्ण कुमार पर कई वार कर दिए।

पुलिस ने मुस्तैनी देखाते हुए आरोपी को दबोचा

चश्मदीदों के बयानों और सबूतों के आधार पर पुलिस ने 7 जून को हत्या का केस दर्ज किया। आरोपी की तलाश के लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, टेक्निकल सर्विलांस और लोकल इनपुट की मदद से पुलिस ने आरोपी अरबाज उम्र 27 साल उत्तम नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। अरबाज मूल रूप से संगम विहार का रहने वाला है।

बचपन में भी कर चुका है जानलेवा हमला

पुलिस की पूछताछ में आरोपी अरबाज ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कैंची और घटना के समय पहने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि अरबाज का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड है। वह जब नाबालिग था, तब भी हत्या की कोशिश के एक मामले में शामिल रह चुका था। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Published on:
09 Jun 2026 12:51 pm