नई दिल्ली

‘हमारा अपना ही लड़का, बौद्ध है’, अभिजीत दीपके की तारीफ कर किरेन रिजिजू ने दागे तीखे सवाल, AAP से जोड़ा कनेक्शन

Abhijeet Dipke: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने छात्र नेता अभिजीत दीपके को बताया 'अपना लड़का', लेकिन आम आदमी पार्टी से कनेक्शन जोड़कर छात्र होने पर उठाए सवाल।
2 min read
Cockroach Janata Party, CJP, Gen Z Protest
अभिजीत दीपके को लेकर रिजिजू के मुंह से निकली बड़ी बात (फाइल फोटो)

Kiren Rijiju: जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए छात्र प्रदर्शनों के जरिए चर्चा में आए युवा नेता और 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को लेकर सियासत तेज हो गई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अभिजीत दीपके पर बड़ा बयान देते हुए उनकी छात्र पहचान और आंदोलन के पीछे की राजनीति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, रिजिजू ने उन्हें 'अपना ही लड़का' भी बताया।

'बौद्ध है, अपना लड़का है… लेकिन वो स्टूडेंट कैसे हुआ?'

एक इंटरव्यू के दौरान किरेन रिजिजू ने कहा कि युवाओं और छात्रों की चिंताएं बिल्कुल सही हैं, लेकिन इस आंदोलन को राजनीतिक दलों ने अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। अभिजीत दीपके का जिक्र करते हुए रिजिजू ने कहा कि अभिजीत हमारे अपने ही लड़के हैं, महाराष्ट्र से बौद्ध हैं। लेकिन सब जानते हैं कि वो आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता हैं। ऐसे में वो अचानक स्टूडेंट कैसे बन गया।

छात्रों के कंधे पर बंदूक चला रहा विपक्ष- रिजिजू

संसदीय कार्य मंत्री ने विपक्षी दलों, विशेष रूप से आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राजनीतिक पार्टियां चुनाव हार जाती हैं, तो वे छात्रों के कंधे का इस्तेमाल करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे आंदोलन को राजनीतिक दलों ने हाईजैक कर लिया है। रिजिजू ने कहा कि इतने बड़े प्रदर्शन के बावजूद पुलिस ने संयम बरता और शांति व्यवस्था बनाए रखी, जबकि विपक्ष सरकार पर दमन का झूठा नैरेटिव बनाने में जुटा है।

कौन हैं अभिजीत दीपके और क्या है पूरा मामला?

अभिजीत दीपके 'कॉकरोच जनता पार्टी' के जरिए युवाओं और छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय हुए हैं NEET-UG परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, बेरोजगारी और शिक्षा नीति जैसे मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर पर हुए CJP के प्रदर्शन ने देशभर का ध्यान खींचा था।
हाल ही में, 15 अगस्त से अभिजीत ने ग्रामीण इलाकों के सरकारी स्कूलों की हालत सुधारने के लिए देशभर में 'सोशल ऑडिट' अभियान की शुरुआत की है। इससे पहले आरपीआई (ए) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले भी दीपके को अपनी पार्टी में शामिल होने और बाबासाहेब आंबेडकर के सपनों को आगे बढ़ाने का न्योता दे चुके हैं।

Updated on:
18 Aug 2026 11:59 am
Published on:
18 Aug 2026 11:55 am