बंगाल चुनाव में Rupa Ganguly बड़ा चेहरा बनकर उभरी हैं। रूपा गांगुली सोनारपुर दक्षिण से 50,067 वोटों के साथ आगे हैं, अरुंधति मैत्रा पीछे चल रही है। टीवी की ‘द्रौपदी’ अब BJP का मजबूत राजनीतिक चेहरा बनकर उभरीं।
West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल की सियासत में इस वक्त रूपा गांगुली और अरुंधति मैत्रा के बीच मुकाबला चर्चा का केंद्र बना हुआ है। चुनावी रुझानों में रूपा गांगुली कड़ी टक्कर देती नजर आ रही हैं और अगर बहुमत उनके पक्ष में जाता है तो यह बड़ा राजनीतिक संकेत माना जाएगा। सोनारपुर दक्षिण सीट की गिनती में भाजपा (BJP) उम्मीदवार रूपा गांगुली 50,067 वोटों के साथ आगे चल रही हैं। वहीं दूसरे नंबर पर TMC की अरुंधति मैत्रा (लवली) 30,575 वोटों के साथ बनी हुई हैं। इस तरह दोनों के बीच वोटों का अंतर 19,492 तक पहुंच गया है। 294 सीटों की इस बड़ी चुनावी लड़ाई में कई दिग्गज मैदान में हैं।
रूपा गांगुली को सबसे ज्यादा पहचान बीआर चोपड़ा के मशहूर धारावाहिक ‘महाभारत’ में द्रौपदी के किरदार से मिली। यह किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि आज भी लोग उन्हें उसी नाम से याद करते हैं। उन्होंने ‘महाभारत कथा’ में भी द्रौपदी का रोल दोबारा निभाया। इसके अलावा टीवी पर उनके कई चर्चित शो रहे जैसे ‘गणदेवता’, ‘चंद्रकांता’, ‘कानून’, ‘कस्तूरी’ और ‘अगले जनम मोहे बिटिया ही कीजो’। हिंदी और बंगाली दोनों भाषाओं में उन्होंने अपने अभिनय से खास पहचान बनाई।
टीवी के अलावा रूपा गांगुली ने फिल्मों में भी दमदार काम किया। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘पद्मा नदीर माझी’ (1993), ‘युगांत’ (1995), ‘बाड़ीवाली’ (2000) और ‘बर्फी’ (2012) शामिल हैं। सिर्फ अभिनय ही नहीं, उन्होंने गायन में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। फिल्म ‘अबोशेषे’ (2011) के लिए उन्हें बेस्ट प्लेबैक सिंगर (फीमेल) का नेशनल अवॉर्ड भी मिला।
रूपा गांगुली ने साल 2010 के आसपास राजनीति में सक्रिय होना शुरू किया। साल 2015 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। इसके बाद उन्हें पश्चिम बंगाल में बीजेपी महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया, जहां उन्होंने साल 2015 से 2017 तक काम किया। साल 2016 में उन्हें राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा के लिए नामित किया गया। उन्होंने यह सीट नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे के बाद संभाली थी। उनका कार्यकाल अप्रैल 2022 तक रहा। अब 2026 के विधानसभा चुनाव में वह सोनारपुर दक्षिण सीट से BJP की उम्मीदवार हैं।
चुनावी हलफनामे के अनुसार, रूपा गांगुली की कुल संपत्ति करीब 9.4 करोड़ रुपये है। वित्त वर्ष 2024-25 में उनकी सालाना आय 14.5 लाख रुपये बताई गई है। उनकी अचल संपत्ति करीब 6.95 करोड़ रुपये की है, जिसमें दक्षिण मुंबई, कोलकाता के टॉलीगंज, बोलपुर में घर और हावड़ा में जमीन शामिल है। चल संपत्ति में बैंक बैलेंस, करीब 1.12 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड है।