समाचार

“ईशान भैया भी बिहार से हैं, इसलिए हमारी…”, BCCI ने जारी की वैभव सूर्यवंशी का VIDEO

सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे दौरे पर अपने इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय अंतरिम कोच वीवीएस लक्ष्मण और बैटिंग कोच हृषिकेश कानितकर को दिया है। उन्होंने कहा कि इन कोचों ने उन्हें पूरी रणनीतिक आजादी और सही मार्गदर्शन दिया। रविवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में, सूर्यवंशी ने धीमी पिच पर 49 गेंदों में 81 रन की पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 8 चौके शामिल रहे।
2 min read
Jul 27, 2026
Vaibhav Sooryavanshi records, Sachin Tendulkar youngest POTM,
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी जिम्बाब्वे दौरे पर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए। (Photo - IANS)

Vaibhav Sooryavanshi, India vs zimbabwe: 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी जिम्बाब्वे दौरे पर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए। सूर्यवंशी इस टी20 सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 3 मुकाबलों में 50.33 की औसत के साथ 151 रन जड़े, जिसमें 2 अर्धशतकीय पारियां भी शामिल रहीं।

सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे दौरे पर अपने इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय अंतरिम कोच वीवीएस लक्ष्मण और बैटिंग कोच हृषिकेश कानितकर को दिया है। उन्होंने कहा कि इन कोचों ने उन्हें पूरी रणनीतिक आजादी और सही मार्गदर्शन दिया। रविवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में, सूर्यवंशी ने धीमी पिच पर 49 गेंदों में 81 रन की पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। शानदार पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया। वैभव सीरीज के पहले मैच में 19 गेंदों में 50 रन की पारी खेली थी। यह इंग्लैंड में उनके खराब प्रदर्शन के बिल्कुल उलट है, जहां उन्होंने तीन पारियों में सिर्फ 42 रन बनाए थे।

'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए सूर्यवंशी

सूर्यवंशी ने सोमवार को बीसीसीआई के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, "सीनियर भारतीय टीम के लिए खेलना, 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' बनना मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा है। मैं बहुत खुश हूं और उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने इस सफर में मेरा साथ दिया। मैं सीनियर खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ का आभारी हूं।

सूर्यवंशी ने इन्हें दिया सफलता का श्रेय

सूर्यवंशी ने कहा, "मैच से पहले हमारे हेड कोच वीवीएस सर और हृषिकेश सर ने मुझसे बात की। उन्होंने मुझसे इस बारे में काफी चर्चा की है कि उस समय मैं कैसा महसूस कर रहा था। सीरीज शुरू होने से पहले मैं कैसा महसूस कर रहा था और मेरी सोच क्या थी। उन्होंने मुझे पूरी आजादी दी और कहा कि बस खेलो और किसी चीज के बारे में मत सोचो।"

ईशान किशन के साथ अपनी जुड़ाव का भी जिक्र

सूर्यवंशी ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन के साथ अपनी जुड़ाव का भी जिक्र किया। ये दोनों ही खिलाड़ी बिहार से हैं। वैभव ने कहा कि इससे राष्ट्रीय टीम में उनका तालमेल आसानी से बन गया। उन्होंने कहा, "मुझे ऐसा नहीं लगता कि मैं अकेला हूं या सीनियर टीम में हूं। ऐसा लगता है जैसे मैं हर जगह सभी मैच खेलता हूं। ईशान भैया भी बिहार से हैं, इसलिए हमारी सोच और तालमेल अच्छी तरह से मिलती है।"

Updated on:
27 Jul 2026 04:19 pm
Published on:
27 Jul 2026 04:19 pm