नोएडा

निक्की भाटी हत्याकांड में नया मोड़: बयान से पलटी बहन, पिता बोले- एक बेटी खो दी, दूसरी का घर बचाने के लिए किया समझौता

Nikki Bhati case: ग्रेटर नोएडा के निक्की भाटी मामले को एक साल होने वाला है। इस मामले में निक्की की बहन कंचन ने बताया था कि निक्की को ससुराल वालों ने कथित तौर पर जिंदा जलाकर मारा था। अब इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
2 min read
May 28, 2026
Nikki Bhati Greater Noida
photo patrika

Nikki Bhati Greater Noida: नोएडा की निक्की का मामला तो याद ही होगा, वही निक्की जिसकी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई थी। निक्की की बहन की शादी भी उसी घर में हुई थी। दोनों बहनों का एक दूसरे से देवरानी-जेठानी का भी रिश्ता था। निक्की की बहन कंचन ने दावा किया था कि पति और सास समेत ससुराल वालों ने निक्की को जिंदा जलाकर मार डाला है। लेकिन अब इस मामले ने पूरी तरह से नया मोड़ ले लिया है। निक्की की बहन कंचन कोर्ट में अपने बयान से मुकर गई है। जिसके चलते मायके वालों ने पंचायत में आपसी समझौता कर लिया।

किस बात के चलते समझौता हुआ?

निक्की मामले में दोनों पक्षों के बीच पंचायत में समझाैता यह हुआ कि निक्की की बहन कंचन ससुराल नहीं जाएगी। वह अपने पति के साथ दादरी में रहेगी। कोर्ट में कंचन का बयान दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि कंचन ने अपने बयान से मुकरते हुए अब कहा कि घटना वाले दिन ससुराल का कोई भी व्यक्ति घर में नहीं था। कंचन के इस बयान के बाद अब निक्की के पति विपिन को जमानत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

आपको बता दें कि सिरसा गांव के रहने वाली निक्की की बहन कंचन ने 21 अगस्त 2025 को मुकदमा दर्ज कराया था। पहले कंचन ने दावा किया था कि निक्की पर उसके पति विपिन भाटी, सास दयावती, ससुर सत्यवीर और जेठ रोहित ने मिलकर ज्वलनशील पदार्थ डाला और आग के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की तेजी से जांच की और मुख्य आरोपी विपिन भाटी को 23 अगस्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद ही सास, ससुर और जेठ को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

पंचायत में और क्या समझौता हुआ?

इस मामले में फिलहाल सास, ससुर और जेठ जमानत पर जेल से बाहर हैं, जबकि पति विपिन अभी भी जेल में बंद है। निक्की के पिता नौ महीने से बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए गुहार लगा रहे थे। लेकिन अब जाकर पिता ने पंचायत में ससुराल पक्ष के लोगों से समझौता कर लिया है। पिता भिखारी सिंह का कहना है कि एक बेटी तो इस दुनिया में नहीं रही लेकिन अब दूसरी बेटी का घर टूटते हुए नहीं देख सकता। बेटी कंचन का घर बसाने के लिए उन्होंने पंचायत का फैसला स्वीकार किया है।

पंचायत में तय हुआ है कि कंचन अपने ससुराल सिरसा नहीं जाएगी। वह सास और ससुर से अलग पति के साथ दादरी में रहेगी। कंचन के साथ निक्की का बेटा भी रहेगा। निक्की के पति विपिन के हिस्से की संपत्ति उसके बेटे के नाम होगी। पंचायत के समझौते को दोनों पक्षों ने स्वीकार किया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर चर्चा है कि अब निक्की को इंसाफ कैसे मिलेगा।

अब भाभी के लिए इंसाफ की मांग उठी

निक्की मामले में समझौते के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं कि निक्की की भाभी मीनाक्षी का भी पंचायत फैसला करवाए। निक्की के भाई का विवाह पल्ला गांव में हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ही कथित तौर पर दहेज के लिए निक्की के परिवार और उसकी भाभी मीनाक्षी के परिवार में विवाद हो गया था। मीनाक्षी 9 वर्षों से अपने मायके पल्ला में रह रही है। निक्की हत्याकांड के बाद मीनाक्षी ने भी न्याय मांगा था।

Updated on:
28 May 2026 12:36 pm
Published on:
28 May 2026 12:14 pm